June 3, 2026

अच्छी खबर: छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में आज से खुले स्कूल

school1

नई दिल्ली: कोरोना वायरस (कोविड-19) के कम होते मामलों के बीच अब देश के अधिकांश राज्यों में स्कूल खोल दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस कोविड-19 पाॅजिटिविटी दर के अनुसार से अब कई जिलों में स्कूल खोले जा रहे हैं। मुंगेली जिले में कोरोना वायरस (कोविड-19) एवं नए वेरियंट ओमिक्राॅन संक्रमण के दृष्टिगत इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए संभावित उपाय अमल में लाया जा रहा है।


जिसके फलस्वरूप जिले में कोविड पाॅजिटिविटी दर कम हुई है। जिसे देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों, एकलव्य आदिवासी आवासीय विद्यालय,जवाहर नवोदय विद्यालय,बालक-बालिका छात्रावास तथा आंगनबाड़ी एवं मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों को कल 07 फरवरी से खोलने के निर्देश दिये है। उन्होने समय-समय पर शासन द्वारा कोविड 19 (कोरोना वायरस) हेतु जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

यूपी, पंजाब, गुजरात, बिहार, दिल्ली, केरल, ओडिशा में 7 फरवरी से स्कूलों में फिर से ऑफलाइन क्लासेस लगना शुरू हो गया है। स्कूलों के साथ ही कॉलेजों में भी नियमित पढ़ाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में फिर से रौनक लौट आई है। वहीं वार्षिक परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक उन बड़े राज्यों में शामिल हैं जहां 1 फरवरी को ही स्कूल खोल दिए गए थे।

पंजाब के स्कूलों, कॉलेजों को 7 फरवरी से फिर से खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि इससे पहले सरकार ने 8 फरवरी 2022 तक सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने की योजना बनाई थी। अभी कक्षा 6 से 12 तक के लिए स्कूल खोले गए हैं वहीं कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को पूरी तरह खोल दिया गया है।

दिल्ली के स्कूल और कॉलेज 7 फरवरी से फिर खुल गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अभी 9 से 12 तक के छात्रों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं फिर से शुरू हो रही हैं। वहीं कॉलेजों से कहा गया है कि वे ऑफलाइन कक्षाओं पर ज्यादा जोर दें। सभी स्कूलों में कोरोना नियमों का पालन अनिवार्य है।

बिहार में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों और कॉलेजों को 100% क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है, जबकि कक्षा 8 तक की कक्षाओं के लिए स्कूल 50% क्षमता के साथ खुलेंगे।

केरल में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल 7 फरवरी से खुल गए हैं। वहीं 14 फरवरी 2022 से अन्य कक्षाएं भी लग जाएंगी। हालांकि यहां कॉलेजों को खोलने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

गुजरात के स्कूल आज से कक्षा 1 से 9 तक के लिए फिर से खुल गए हैं। छात्रों के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं का विकल्प है।


You may have missed