मौसम अपडेट: छत्तीसगढ़ में भारी चक्रवाती बारिश को लेकर रेड अलर्ट
रायपुरः छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों में भारी से अति भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह से ही रायपुर और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश हो रही है


मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार ओडिशा के ऊपर चक्रीय चक्रवात का घेरा और ज्यादा प्रबल हुआ है। इसके कारण प्रदेश में सरगुजा संभाग को छोड़कर शेष संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। बस्तर संभाग के सातों जिलों के साथ ही धमतरी, गरियाबंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनंदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार और बिलासपुर में भारी बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी करने के साथ प्रशासन को सतर्क किया है। यहां पहले ही भारी बारिश की वजह से बीजापुर और सुकमा जिले में बाढ़ तबाही मचा चुकी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में चक्रवाती बारिश को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और नगरीय निकायों को सतर्क रहने के दिए निर्देश हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन संबंधी सभी उपाय सुनिश्चित करने को कहा है।

