युवती की शादी कहीं और तय होने पर सनकी आशिक ने खुद के सिर में मारी गोली, मौके पर हुई मौत
गूसराय. बिहार के बेगूसराय से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एकतरफा प्यार में एक सनकी युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया. युवक जिस युवती से प्यार करता था, उसकी शादी कहीं और तय हो गई थी. इससे तिलमिलाया युवक लड़की से मिलने जा पहुंचा. युवती के घर के बाहर वह बातचीत कर रहा था. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और उसने कथित तौर पर खुद के सिर में गोली मार ली. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस को मौके से कोई हथियार नहीं मिला है. वहीं, युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.


मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बासुदेवपुर चंदपुरा गांव निवासी साजन कुमार महतो अपने पड़ोस में ही रहने वाली एक युवती से प्रेम करता था. वह उस युवती से शादी करना चाहता था. लड़की का कहना है कि उसका साजन से कोई प्रेम संबंध नहीं था और वह शादी के लिए जिद कर रहा था. युवती की शादी कहीं और तय हो गई. जब यह बात युवक को पता चली तो युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया.
साजन ने युवती के घर के बाहर ही उससे बात की. बताया जाता है कि इस दौरान दोनों में विवाद शुरू हो गया. युवक ने युवती के सामने ही अपने सिर में गोली मार ली. गोली चलते ही अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों के अनुसार प्यार में असफल होने पर युवक ने खौफनाक कदम उठाया. वह युवती को लेकर काफी परेशान था. इसी से नाराज होकर प्रेमिका के घर पहुंचकर उसने आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
बता दें कि इससे पहले बेगूसराय से 26 अगस्त से लापता एक छात्र का शव पटना जिले के मोकामा टाल इलाके से बरामद किया गया. मृतक डीएवी का छात्र है और इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि प्रत्येक दिन की भांति ऋतुराज कुमार 26 अगस्त को अपनी साइकिल से विद्यालय जाने के लिए निकला और शाम तक वापस नहीं आया था. इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका की सूचना पुलिस को दी और अपहरण का मामला दर्ज करवाया था.

