August 18, 2026

एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या: टोनही के शक में उतारा मौत के घाट

kulhadi

छत्तीसगढ़ में कसडोल के छरछेद गांव में गुरुवार की शाम को टोनही के शक में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, इस हत्याकांड में आरोपियों ने 6 माह के दुधमुहे बच्चे को भी नहीं बख्शा और आरोपियों ने मृतकों के घर में घुसकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है।


वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कसडोल पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। जिसके बाद पुलिस की एफएससीएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दिया।

कसडोल थाना क्षेत्र का छरछेद गांव जिसने कभी स्वच्छता के क्षेत्र में अपना डंका बजवाकर पूरे प्रदेश में अपनी अलग ही पहचान बनाई थी लेकिन गुरुवार की शाम यह गांव फिर एक बार सुर्खियों में आ गया,लेकिन इस बार यह गांव किसी अच्छे काम की वजह से नहीं बल्कि अंधविश्वास के चलते हुए चार लोगों की हत्या की वजह से सुर्खियों में आ गया

आपको बता दें कि गुरुवार की शाम चैतराम केंवट और उसकी 2 बहने और चैतराम का भांजा घर में शाम के समय हंसी ठिठोली करते एक साथ बैठे थे तभी चैतराम के पड़ोस में रहने वाले रामनाथ पाटले,दीपक पाटले और दिल कुमार पाटले हाथों में कुल्हाड़ी लेकर घर में दाखिल हुए और एक एक कर घर के चारों सदस्यों को मौत की नींद सुला दिया,अंधविश्वास के चलते हुए इसी खूनी खेल में मौत के सौदागरों ने एक नन्हे बच्चे को भी नहीं छोड़ा जिसे इस दुनिया में आए सिर्फ 6 माह ही हुआ था और इन दरिंदो ने बच्चे को भी मौत के घाट उतार दिया।

अंधविश्वास बनी हत्या की वजह :
इस घटना के बारे में ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के पड़ोस में रहने वाले रामनाथ पाटले के घर में किसी बच्चे की तबियत हमेशा खराब रहती थी और जिसकी वजह से आरोपियों के द्वारा हमेशा झाड़ फूंक का सहारा लिया जाता था और आरोपियों को शक था मृतक का परिवार ही आरोपियों के घर में जादू टोना करता है और इसी लिए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच के बाद और भी आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

घर अंदर का नजारा देख सन्न रह गई पुलिस :
गुरुवार की शाम को जब कसडोल पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई है जिसके बाद घटना स्थल पहुंची पुलिस की टीम ने जब घर अंदर का नजारा देखा तो पुलिस की भी रूह कांप उठी।

दरअसल आरोपियों ने सभी मृतकों को इतनी बेरहमी से मारा था कि घर में पड़ा शव क्षत विक्षत हो गया था ,एक साथ 4 लाशें पड़ी हुई थी और खून की छींटे पूरे घर में बिखरा हुआ था।


You may have missed