June 3, 2026

BIG NEWS : पति ने स्प्रिट डालकर पत्नी को किया आग के हवाले, जानिए आखिर क्या है ये पूरा मामला

aaag

बिलासपुर| मकान मालिक को किराया देने के लिए कहने पर पेंटर ने अपनी पत्नी पर स्प्रिट डालकर आग लगा दी। घटना से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के बयान के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।


सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि तालापारा के तैबा चौक में रहने वाला कासिम अली (25 वर्ष) पेंटिंग का काम करता है। तीन साल पहले उसकी शादी मोहल्ले में ही रहने वाली साबिया बेगम (23 वर्ष) से हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा भी है। दोनों तैबा चौक में किराए के मकान में रहते हैं। कासिम ने बीते तीन महीने से मकान का किराया नहीं दिया है। सोमवार की सुबह मकान मालिक किराया लेने आया था। इस दौरान कासिम घर में नहीं था।

दोपहर को वह अपने घर लौटा। इस दौरान साबिया ने मकान के किराए के संबंध में बात की। इस पर कासिम ने रुपये नहीं होने की बात कही। तब साबिया ने अपने पति को पिता से रुपये मांगने की बात कही। इससे वह नाराज हो गया। उसने घर में रखे स्प्रिट को अपनी पत्नी के ऊपर फेंक दिया और माचिस से आग लगा दी। महिला आग की चपेट में आ गई।

उनके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर किसी तरह आग को बुझाया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया है। इस आधार पर आरोपित पति के खिलाफ धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है।


You may have missed