April 18, 2026

शादी से कुछ घंटे पहले दुल्हन हुई घर से फरार..खोजबीन करने पर मिली अपने प्रेमी के घर..फिर पिता ने उठाया ये कदम

dulhan

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है यहां शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन घर से गायब हो गई। दुल्हन की जब खोजबीन की गई तो वो गांव के ही रहने वाले अपने प्रेमी युवक के घर पर मिली। इस बात की जानकारी होने पर दुल्हन के पिता ने खुद को शर्मिंदा महसूस कर पहले बारात लौटाई फिर घर आकर अपना सिर मुंडवा लिया।


पढ़िए पूरी खबर-
दरअसल ये पूरी घटना कोरबा के कोतवाली थाना स्थित अग्रोहा भवन की है। रामपुर चौकी क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी बालको निवासी युवक से तय हुई थी। सब ठीक चल रहा था। शादी की तैयारी भी पूरी हो चुकी थी, इधर शनिवार को दुल्हन को लेने के लिए बाराती पक्ष पूरी तैयारी के साथ घर से निकल चुके थे। इतने में दुल्हन के गायब होने की खबर मिली।

खबर के मिलते ही दुल्हन के घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की। कई घंटों की खोजबीन के बाद दुल्हन गांव के ही एक युवक के घर पर मिली। जिसके बाद मौके पर दुल्हन के परिजन पहुंचे तो दुल्हन ने शादी करने और उनके साथ जाने से मना कर दिया। काफी मनाने के बाद भी जब युवती अपने घर जाने के लिए तैयार नहीं हुई तो परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की।

शिकायत के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और युवती को अपने साथ सखी सेंटर लेकर आयी। यहां पर एसडीएम सुनील नायक की मौजूदगी में युवती का बयान लिया गया। युवती ने अपने बयान में अपने प्रेमी के साथ ही आगे की जिंदगी साथ बिताने की बात कही, जिसके बाद उसके प्रेमी को सौंप दिया गया।

इधर इस घटना से नाराज दूल्हे पक्ष वालों ने जमकर हंगामा किया, जिन्हें समझा-बुझाकर बिना दुल्हन के ही वापास लौटाया गया। इस बात से दुखी दुल्हन के पिता ने घर पहुंचकर अपना सिर मुंडवा लिया। बताया जा रहा है कि, दुल्हन के पिता ने जमीन बेचकर अपनी बेटी की शादी के लिए पैसे इक्ट्ठा किये थे। ऐसे में उनकी लड़की के इस कदम से वो काफी दुखी अपने आप को महसूस कर रहे है।

 


You may have missed