भूत भगाने के नाम पर तांत्रिक ने लड़की को अगरबत्ती से दागा और बेल्ट से भी जमकर पीटा
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक तांत्रिक ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी. जिसमें इलाज के नाम पर किशोरी के साथ हैवानियत की और उसके शरीर को अगरबत्ती जलाकर दाग दिया. इतना ही नहीं आरोप है कि किशोरी की बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी. पूरा मामला रामकोट थाना इलाके के साहबगंज स्थित मजार का है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है.


पेट में दर्द होने पर तांत्रिक के पास गई थी लड़की
महोली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपनी मौसी के घर मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में घूमने गई थी. तभी किशोरी बीमार हो गई और उसके पेट में दर्द होने लगा. जिसके बाद परिवार वाले उसे रामकोट थाना क्षेत्र के साहब गंज में स्थित एक मजार पर ले गए. जहां पर मजार पर बैठे तांत्रिक के द्वारा बताया गया कि उसके ऊपर 11 भूतों ने कब्जा कर रखा है जिसके बाद तांत्रिक ने किशोरी को 6 दिन रोके जाने की परिजनों से बात कही.
लड़की के शरीर को अगरबत्ती से दागा
परिजन इस बात को मान गए और किशोरी को मजार पर ही रोक दिया. फिर तांत्रिक ने अपना घिनौना खेल शुरू किया और उसके शरीर को अगरबत्ती जलाकर जगह जगह पर दाग दिया. जब तांत्रिक का इससे भी मन नहीं भरा तो उसने बेल्ट से किशोरी की जमकर पिटाई की. हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग किशोरी को अपने घर ले आए .
तांत्रिक ने दो मूर्गे और 1265 रुपये भी लिया
वहीं किशोरी के पिता का आरोप है कि हालत खराब होने के बाद भी तांत्रिक उसे घर नहीं ले जाने दे रहा था. बड़ी मुश्किल से उसे घर ले जाने दिया गया. इतना ही नहीं तांत्रिक ने पिता से 1265 रुपए और दो मुर्गे भूत भगाने के नाम पर लिए थे. पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर ली है.

