रात भर हुई बारिश से मची भारी तबाही: दो जगह दीवार गिरने से 15 की मौत
भारी बारिश के बाद मुंबई के कई इलाकों में पानी भर चुका है. तेज बारिश के दौरान चेंबूर में कुछ झोंपड़ियों पर दीवार गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है. विक्रोली में दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई.


वहीं भांडुप में दीवार गिरने से एक 16 साल के एक लड़के की मौत होने की खबर है. अभी भी यहां कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. ये सभी हादसे लैंडस्लाइड की वजह से हुए. एनडीआरएफ टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
मौसम विभाग ने मुंबई में आज रेड अलर्ट जारी किया है. यानी आज दिनभर जबरदस्त बारिश होने का अनुमान है. ठाणे, पालघर और रायगड में भी आज बारिश का जबरदस्त कहर दिख रहा है. मुंबई के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है.
रातभर लोग घर से पानी बाहर निकालने में जुटे रहे. अंधेरी और आसपास के निचले इलाकों में पानी भर चुका है. दादर में इतना पानी भर गया कि बेस्ट की बसें आधी से ज्यादा डूबी हुई दिखाई दे रही हैं. कांदिवली की कई दुकानों में पानी भर गया है, जिससे लाखों का माल खराब हो गया.

