छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट : अगले कुछ घंटों में इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
रायपुर: अगले 4 घंटे प्रदेश में मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र झारखण्ड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवात घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है. इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है. एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिणी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है. इसके साथ चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है. मानसून द्रोणिका गंगानगर, नरनौल, उत्तर प्रदेश में स्थित निम्न दाब के केंद्र, गया, चिन्हित निम्न दाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक स्थित है.


जिसकी वजह से प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है, मौसम विभाग ने कहा कि सरगुजा संभाग में पूर्व में ही अच्छी बारिश हो चुकी है, आज भारी बारिश की वजह से बलरामपुर, जशपुर, कोरिया में बाढ जैसे हालात बनने की सम्भावना है.

