April 20, 2026

काबुल एयरपोर्ट के पास बड़ा आत्‍मघाती हमला, कई लोगों के घायल होने की आशंका

Suicide-attack-min

काबुल एयरपोर्ट के पास गुरुवार देर शाम एक बड़ा आत्‍मघाती हमला हुआ. ऐसा कहा जा रहा है क‍ि इस हमले में कई लोग हताहत हुए हैं. अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने इसकी पुष्टि कर दी है. इससे पहले काबुल एयरपोर्ट को लेकर अमेरिका, ऑस्‍ट्रेलिया और ब्रिटेन ने जो आशंका जताई थी वह सच साबित हुई है. काबुल एयरपोर्ट के गेट के पास धमाका हुआ है.


इस हमले पर पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि काबुल एयरपोर्ट के बाहर धमाका हुआ है. उन्‍होंने कहा कि इस हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं. काबुल एयरपोर्ट पर धमाका के बाद अफगानिस्‍तान में फ्रांसीसी दूत ने संभावित दूसरे हमले की चेतावनी दी और नागरिकों से कहा कि वह उस क्षेत्र को खाली कर दें.

US-ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए जारी की थी चेतावनी
इससे पहले ब्रिटेन के सशस्त्र बल मंत्री जेम्स हेप्पी ने आज काबुल एयरपोर्ट पर आतंकी हमले को लेकर सनसनीखेज दावा किया. जेम्स हेप्पी ने कहा था कि काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गंभीर खतरे की ये बहुत विश्वसनीय रिपोर्ट है. मिनिस्टर जेम्स हेप्पी ने काबुल में मौजूद विदेशी नागरिकों को चेताते हुआ कहा कि काबुल हवाईअड्डे पर कुछ ही घंटों में हमला हो सकता है. उधर काबुल एयरपोर्ट पर आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए तीन देशों ने अपने नागरिकों से तुरंत एयरपोर्ट से दूर जाने की चेतावनी जारी की है. अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने काबुल एयरपोर्ट के आसपास मौजूद अपने नागरिकों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है.

अमेरिकी दूतावास ने काबुल एयरपोर्ट पर आतंकी हमले को लेकर आशंका जताई थी. उन्होंने कहा था, ‘काबुल एयरपोर्ट को तुरंत छोड़कर चले जाएं. काबुल एयरपोर्ट के ईस्ट, नॉर्थ गेट से अमेरिकी नागरिक जल्दी हट जाएं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगले आदेश तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें अमेरिकी नागरिक.’

उधर, अमेरिका को अफगानिस्तान छोड़ने के तालिबान के अल्टीमेटम पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि 31 अगस्त के बाद भी अफगानिस्तान से अमेरिकी नागरिकों और सहयोगियों को निकालने का ऑपरेशन जारी रहेगा. जब तक अफगानिस्तान से हमारे नागरिक और अफगानिस्तान में हमारी मदद करने वाले लोग नहीं निकल आते तब तक रेस्क्यू मिशन रखा जाएगा.


You may have missed