November 7, 2026

बड़ी खबर: रायपुर में मां-बेटे के शव मिलने से सनसनी, 3-4 दिन से बंद था घर, बदबू आने पर हुआ खुलासा

IMG-20261107-WA0002

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। छोटा अशोक नगर स्थित एक किराये के मकान में 52 वर्षीय महिला जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के शव बरामद हुए हैं। दोनों पिछले चार साल से इस मकान में किराये पर रह रहे थे।


जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। वहीं, मकान के अंदर से बदबू आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

फर्श पर मिला मां का शव, बिस्तर पर पड़ा था बेटा

पुलिस जब कमरे के अंदर पहुंची तो महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर मिला। बताया जा रहा है कि महिला ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं, जबकि उनका बेटा लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


You may have missed