RAIPUR NEWS: बीमार बहन पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर कर दी पड़ोसी की हत्या, चार गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर जिले के धरसींवा का थाना इलाके में जादू-टोना शक में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले की सुचना मिलते ही धरसींवा पुलिस घटना स्थल पर पहुंच हत्या करने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया है।


पुलिस के मुताबिक महोदा इलाके में रामकुमार पटेल नाम के व्यक्ति का परिवार रहता है। परिवार में 18 साल का वासु कुमार, इसका एक नाबालिग भाई, 40 साल की मां शकुन पटेल और बहन मीनाक्षी रहते हैं। पटेल परिवार की बेटी मीनाक्षी पिछले एक महीने से लगातार बीमार चल रही है। परिवार को शक था कि इनके पड़ोस में रहने वाले महावीर चक्रधारी नाम के युवक ने लड़की पर कुछ जादू टोना कर दिया था। इसी बात की वजह से आए दिन पटेल परिवार और महावीर चक्रधारी के बीच कहासुनी होती रहती थी। कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मोहल्ले के लोगों ने इनका झगड़ा शांत कराया था। बुधवार को देर रात अचानक मीनाक्षी की तबीयत बिगड़ गई। उसका शरीर कांप रहा था। बेटी के इलाज और मदद के लिए पटेल परिवार ने शोर मचाना शुरू कर दिया । आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी घर से बाहर आ गए उन्होंने देखा कि पिता रामकुमार पटेल ने मीनाक्षी को अपने हाथों से संभाल रखा था। मीनाक्षी बेसुध हो चुकी थी और गुस्से में आकर राम कुमार का बेटा वासु उसकी पत्नी शकुन और नाबालिग बेटे के साथ पड़ोस में रहने वाला अश्विनी धीवर, महावीर चक्रधारी के घर में जाकर घुस गए। सभी मिलकर महावीर के साथ गाली गलौज करते महावीर को कहा कि तुम्हारे जादू टोने की वजह से ही हमारी बेटी फि र से बीमार पड़ गई है। महावीर चक्रधारी के बार-बार सफाई देने पर भी पटेल परिवार के लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी। मीनाक्षी के भाई वासु ने महावीर चक्रधारी को उसके घर में घुसकर लात और मुक्कों से पीटना शुरु कर दिया। उसके घर पर रखे डंडे को उठाया और पिटाई शुरू कर दी। महावीर ने बचने का प्रयास किया तो वासु की मां शकुन, नाबालिग भाई और साथी अश्विनी ने उसे पीछे से दबोच लिया। सामने से उसके चेहरे और सिर पर लगातार वासु डंडे बरसाता रहा। जिसके बाद महावीर जमीन पर गिर पड़ा इसके बाद वासु की मां उसके नाबालिग भाई और पड़ोसी अश्विनी ने उसकी सीने पर चढ़कर लातों से कई वार किए। बेसुध हो चुके महावीर का वासु ने गला भी दबा दिया। इसके बाद परिवार बीमार मीनाक्षी को लेकर इलाज करवाने चला गया। आस-पड़ोस के लोगों ने कुछ देर बाद महावीर के घर में जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। मीनाक्षी डॉक्टर्स की निगरानी में है। धरसींवा पुलिस की टीम वासु और उसके साथी अश्विनी को इस मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

