जन्माष्टमी कार्यक्रम में हुआ हादसा: मुंह में पेट्रोल भर कर करतब दिखाने में लगी आग, 5 बच्चों समेत आठ झुलसे
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुंह में पेट्रोल भर कर करतब दिखाने के दौरान आग लगने के कारण हादसा हो गया. घटना में कार्यक्रम देखने आए पांच बच्चों समेत आठ लोग झुलस गए. घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी की है.


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम का अयोजन किया गया था.कार्यक्रम देखने आस-पास के कई लोग पहुंचे हुए थे. इस दौरान कार्यक्रम में आयोजकों की ओर से कई तरह के करतब दिखाए गए.
आग लगने के बाद कार्यक्रम स्थल पर मची अफरातफरी
इस दौरान कार्यक्रम में एक युवक ने मुंह में पेट्रोल भर कर करतब दिखा रहा था कि अचानक कार्यक्रम स्थल पर आग लग गई. इसके बाद लोगों में अफरातफरी मच गई. हादसे में पांच बच्चों समेत आठ दर्शक झुलस गए.स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे हुए लोगों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है.

