पूर्व प्रेमी ने दिनदहाड़े किया युवती को अगवा, 6 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान से एक 22 वर्षीय युवती को अगवा करने का मामला सामने आया था. राजधानी में युवती के दिनदहाड़े अपहरण (Kidnapping) की घटना से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गयी थी. बुधवार को यह घटना हुई थी, हालांकि रांची पुलिस (Ranchi Police) ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संदीप टोप्पो सहित छह को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में प्रेस प्रसंग का मामला उजागर हुआ है.


बता दें कि बुधवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में हर्बल जूस बेचने वाली युवती का बलेरो सवार युवकों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया था दिन के उजाले में हुए अपहरण की जानकारी स्थानीय लोगो ने लालपुर थाने को दी. उसके बाद से पुलिस हरकत में आ गई थी और तलाशी शुरू कर दी थी.
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली सुराग
अपहरण की वारदात के बाद आनन-फानन में पुलिस युवती की तलाश में जुट गई. सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया. फुटेज देखने पर यह पता चला कि जिस कार से युवती का अपहरण किया गया है वह रातू की तरफ गई है. जिसके बाद पुलिस की टीम रेस हो गई.
आखिरकार रांची से बाहर फरार होने की फिराक में लगे अपराधियों को बेड़ो से धर दबोचा और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया. उसके बाद युवती से पुलिस बयान दर्ज कर रही है. युवती ने पुलिस को पूरी कहानी बताई. युवती ने बताया कि वह युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था, लेकिन अफवाह फैलाने के डर से वह पुलिस को शिकायत नहीं कर पा रही थी.
एकतरफा प्यार में हुआ अपहरण
लालपुर पुलिस गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं से पूछताछ कर रही है. अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार संदीप टोप्पो का युवती से पूर्व में प्रेम संबंध था. लेकिन किसी बात को लेकर काफी पहले दोनों में अलगाव हो गया था. इस दौरान युवती ने संदीप से अपने आप को पूरी तरह से अलग कर लिया था लेकिन संदीप लगातार उसे परेशान कर रहा था. युवती के द्वारा लगातार विरोध किए जाने की वजह से ही संदीप ने दिनदहाड़े अपने पांच दोस्तों के साथ उसका अपहरण कर लिया. पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और उन्हें पुलिस हिरासत में भेजने की फरियाद की जाएगी.

