July 4, 2026

RAIPUR NEWS : गणेश विसर्जन के दौरान आमने-सामने आईं झांकियों में शामिल युवक डांस करने पर भिड़े, हुई जमकर चाकूबाजी

chakuuu

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार की रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर पुरानी बस्ती इलाके में एक युवक की हत्या का प्रयास किया गया। दो गणेश समितियां विसर्जन के लिए गुजर रही थीं, आमने-सामने हो जाने पर इनमें शामिल लोग झगड़ पड़े और एक-दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, लकड़ी के बत्ते से भी कुछ युवकों की पिटाई कर दी। इस मामले में अब गुरुवार को पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवकों का उपचार जारी है।


कुशालपुर मलसाय तालाब के पास रहने वाला 26 साल का राहुल सोनी फल बेचने का काम करता है। बुधवार की रात यह गांधी मैदान ब्रम्हपुरी से गणेश की प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकला था। साथ में गणेश समिति के अन्य युवक भी थे। लाखे नगर स्थित माई की बगिया के पास पहुंचने के दौरान बंधवापारा की तरफ से आ रहे दूसरी गणेश उत्सव समिति के युवकों से राहुल का विवाद हो गया। राहुल ने पुलिस को बताया कि दूसरी समिति के दादू सोनकर ने कहा था कि DJ यहीं रोको हम लोग डांस करेंगे, राहुल ने इस दौरान दादू से कहा कि हमें विसर्जन के लिए देर हो रही है, हमें जाने दो इतना सुनते ही दादू आग बबूला हो गया और अपनी कमर में फंसे चाहू को निकालकर राहुल के पेट में घुसा दिया।

यह देखकर राहुल के साथी प्रदीप पटेल ने बीचबचाव किया तो दादू दो सोनकर के साथी राजेश सोनकर और नरेंद्र सोनकर ने प्रदीप पटेल को गालियां देते हुए लकड़ी के बत्ते से पीट दिया। प्रदीप की आंख के पास चोट आई है। समिति के अन्य युवकों हर्षित और राजेश सोनी ने बीच बचाव करते हुए राहुल और प्रदीप को अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद थाने जाकर इसकी शिकायत की। गुरुवार की सुबह पुरानी बस्ती की पुलिस ने चाकूबाज दादू सोनकर और इनके साथियों को घर में दबिश देकर पकड़ लिया। इन्हें अब पूछताछ के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

गाइडलाइन की उड़ रही धज्जियां
रायपुर के DJ और धुमाल ग्रुप का संचालन करने वाले लोग जिला कलेक्टर सौरभ कुमार की गाइडलाइन का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। 19 सितंबर को यह गाइडलाइन जारी की गई थी कि गणेश विसर्जन के दौरान 200 वॉट से अधिक साउंड सिस्टम का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। बीते रविवार से शहर में एक मंजिला इमारत जितने बड़े बॉक्स मिनी ट्रक में बांधकर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। शहर के विधायक, पार्षद महापौर खुद इन साउंड सिस्टम की धुनों पर नाच कर नियमों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। इस पर ना कार्रवाई जिला प्रशासन कर रहा है, और ना ही पुलिस के लोग। महादेव घाट में नगर निगम ने 22 सितंबर तक विसर्जन की सुविधा दी थी मगर अब तलक शहर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जारी है।

इन जगहों पर भी विसर्जन के दौरान हुआ विवाद
पुरानी बस्ती इलाके में हत्या की कोशिश के अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में भी गणेश विसर्जन के दौरान मारपीट और विवाद की घटनाएं हुई हैं। बुधवार की देर रात टिकरापारा, विधानसभा थाना क्षेत्र से भी ऐसी ही खबरें आईं। मठपुरैना के रहने वाले देवेंद्र शर्मा ने बताया कि हम अपने मोहल्ले की गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए महादेवघाट जा रहे थे। रात के वक्त हम DJ की धुन पर डांस करते आगे बढ़ रहे थे। इतने में दूसरे मोहल्ले के युवक आकर हमारे बीच धक्का-मुक्की करते हुए डांस करने लगे। मैंने इन्हें टोका तो इनमें से एक लड़के ने ऑटो सेंटर में खड़ी एक बाइक के टूट सायलेंसर पाइप को उठाकर मेरे सिर पर दे मारा। मेरा सिर फट गया। ये देख तीनों बदमाश वहां से भाग गए। बाद में देवेंद्र ने कुछ साथियों के साथ टिकरापारा थाने जाकर रिपोर्ट लिखवाई।

मोवा इलाके रहने वाले अमन वर्मा ने पुलिस को बताया कि दोंदकला गांव में गणेश विसर्जन मे लगे DJ में हम डांस कर रहे थे। लक्ष्मी मेडिकल के पास पहुचते ही गांव के मनोज ठाकुर ऊर्फ टिल्लू अपने दोस्तों के साथ आकर हमारे बीच नाचने लगा। मैंने रोका तो विवाद करने लगा। समिति के बाकी लोगों ने दखल दी तो वो चला गया। बाद में मुझे कॉल कर उसने मटिया भाठा इलाके में बात-चीत करने के लिए बुलाया।

अमन अपने भाई सुमीत वर्मा ऊर्फ सालू को साथ पहुंचा। यहां पहले से मौजूद मनोज ठाकुर ऊर्फ टिल्लू, उसके साथी प्रकाश देवहरे, पंकज देवहरे, गजेन्द्र साहू ने मिलकर हमें पीटना शुरू कर दिया। डंडे और लोहे की रॉड से हमें बुरी तरह मारा। इस हमले में अमन के पीठ और सिर पर चोट आई है। इसका भाई सुमित चेहरे और सिर में चोट की वजह से घायल हो गया। मामले में पुलिस केस दर्ज कर हमला करने वालों की तलाश कर रही है।


You may have missed