छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: इन जिलों में बरसेंगे बादल
रायपुरः छत्तीसगढ़ में मौसम फिर बदलने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा बदल गई है। इस वजह से 22 से 24 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।


मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में उत्तर-पूर्व और दक्षिण हिस्से में दक्षिण-पश्चिम से हवाएं आ रही हैं। इसके कारण 21 से 23 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बादल छाएंगे और बारिश शुरु होगी।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना बनी हुई है। 22 से 24 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा में फिर एक बार बदलाव के आसार दिख रहे हैं, जिसके चलते प्रदेश में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है।
आपके जिले के मौसम का हाल
22 जनवरी को देर शाम में सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है।
23 जनवरी को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्की बारिश और एक दो स्थानों में गरज चमक के साथ ओला वृष्टि की संभावना जताई गई है। दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तर में स्थित जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। दुर्ग और रायपुर संभाग के शेष भाग और बस्तर संभाग के उत्तर भाग में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
24 जनवरी को प्रदेश के सरगुजा संभाग, उससे लगे जिलों और बस्तर संभाग से लगे जिलों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

