छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज: बिलासपुर समेत कई जिलों में आज भी हो सकती है बारिश
रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। एक साथ तीन सिस्टम के असर से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में घने बादल छाए और बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश से बादल छंटने और रात में ठंड लौटने के आसार जताए हैं। !


रायपुर में 1 मिमी से ज्यादा बरसा पानी
प्रदेश में दो द्रोणिकाओं और एक चक्रवात के असर से शनिवार से ही हवा की दिशा उत्तर से बदलकर दक्षिण-पश्चिमी हो गई और खाड़ी की तरफ से पिछले 24 घंटे में काफी बादल आए। इस वजह से बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्से में रविवार को तड़के बौछारें पड़ीं या बूंदाबांदी हुई। राजधानी रायपुर में ही 1 मिमी से ज्यादा पानी बरसा। इसी सिस्टम के असर से सोमवार को भी बिलासपुर-सरगुजा संभाग में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं। लेकिन बाकी हिस्से में आसमान साफ होने लगेगा, इसलिए सोमवार की रात का तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है।
28 जनवरी तक बनी रहेगी ठंडी
लालपुर मौसम केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक सोमवार से रात तापमान में गिरावट शुरू होने और ठंड 28 जनवरी तक बनी रहने का अनुमान है। इसके अलावा, सोमवार को सरगुजा-बिलासपुर के अलावा बस्तर संभाग में भी कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है।

