Monsoon Update 2022: बंगाल की खाड़ी में मानसून ने दी दस्तक, अब जल्द ही केरल में होगी एंट्री
नई दिल्ली: Monsoon Update 2022 देशभर में जारी चिलचिलाती गर्मी और भीषण लू के बीच एक अच्छी खबर इस वक्त सामने आ रही है कि मानसून ने बंगाल की खाड़ी में दस्तक दी है। अंडमान निकोबार और पश्चिम बंगाल में इसका असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने जल्द ही मानसून के केरल पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने इसी सप्ताह उत्तराखंड, मेघालय, असम और केरल में बारिश का अनुमान जताया है।


मानसून के आज अंडमान-निकोबार पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर आज मानसून पहुंच जाएगा। हालांकि, केरल में 27 मई तक पहुंचेगा। उत्तर के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिन ओलों के साथ बारिश की संभावना है।
अभी दो दिन लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के मौसम का अनुमान जारी किया है। इसके अनुसार आज और कल राजस्थान, पंजाब हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में लू का यलो अलर्ट है। 18 मई से लू का प्रकोप कम होने का अनुमान है।

