जय स्तंभ चौक पर कार और बाइक के बीच टक्कर, हादसे में 7 साल के बच्चे की मौत
दुर्ग: दुर्ग जिले के पाटन थाना अंतर्गत जय स्तंभ चौक पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और बाइक में भिड़ंत हुई। इस दौरान बाइक सवार 7 वर्षीय गगन साहू की मौत हो गई। वहीं उसके पिता टोमन साहू बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें रायपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने कार चालक जागेचरण के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि कार चलाने के दौरान वह नशे में था। कार में उसके दो दोस्त अभय और माइकल भी सवार थे। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।


घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पुलिस ने बताया कि तरीघाट निवासी टोमन अपने बेटे गगन के साथ पाहंदा से लौट रहा था। पाहंदा में उसके रिश्तेदार रहते हैं। बाइक सीजी 07 एलएन 6717 से वह जय स्तंभ चौक से गुजर रहा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही कार सीजी 04 केएस 8736 ने उन्हें ठोकर मार दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
पुलिस को मिली थी कार में गांजा होने की खबर
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात बालोद पुलिस से इनपुट मिला था कि कार एमपी 07 सीजी 0993 गांजा लेकर दुर्ग की तरफ आ रही है। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। इस दौरान कार कोलिहापुरी के पास निर्माणाधीन सड़क पर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिली। कार की छानबीन की गई तो उसमें कोई भी नही मिला। कार का एयर बैग खुल गया था। इससे अनुमान है कि कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आरोपी मौके से भाग निकले।

