ममता सरकार के दो मंत्रियों के 13 ठिकानों पर ED का छापा, 20 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश बरामद
कोलकाताः पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को ममता सरकार के दो मंत्रियों के 13 ठिकानों पर छापे मारे। शिक्षक भर्ती घोटाला के सिलसिले में की इस छापेमारी में एक मंत्री की करीबी सहयोगी के घर से करीब 20 करोड़ रुपए कैश बरामद किए गए हैं।


पश्चिम बंगाल के उद्योग और वाणिज्य मंत्री और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी और कूचबिहार जिले के मेखलीगंज में परेश चंद्र अधिकारी के आवास पर छापेमारी की गई है। कथित घोटाले के वक्त पार्थ चटर्जी शिक्षा मंत्री थे। इस संबंध में सीबीआई 25 अप्रैल और 18 मई को पूछताछ कर चुकी है। इसी मामले में उनकी बेटी स्कूल शिक्षक की नौकरी गंवा चुकी हैं।
ईडी ने पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के टॉलीगंज स्थिति डायमंड सिटी परिसर में भी कार्रवाई की, जहां से करीब 20 करोड़ कैश बरामद किए हैं। इसके साथ ही 20 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि ये मोबाइल फोन शिक्षक भर्ती घोटाले के लिए महत्वपूर्ण लिंक साबित हो सकते हैं।

