राजधानी में मंकीपॉक्स की दस्तक, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 20 हजार से ज्यादा नए मामले
नई दिल्ली: देशभर में अब कोरोना के बाद मंकीपॉक्स के मामले बढ़ने लगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी अब मंकीपॉक्स बीमारी ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एक बीमार शख्स को भर्ती कराया गया है। इस व्यक्ति की उम्र 31 साल है और इसकी विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। बुखार और शरीर में छाले दिखने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


भारत में मंकीपॉक्स वायरस संक्रमण का चौथा मामला
भारत में मंकीपॉक्स वायरस संक्रमण का अब तक सामने आया यह चौथा मामला है। हालांकि यह पहला केस है, जिसमें संक्रमित व्यक्ति की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, इससे पहले के सभी तीनों मामले में संक्रमित लोग हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे थे।
कन्नूर में मंकीपॉक्स संक्रमण का पहला केस आया था सामने
यहां केरल के कन्नूर में 14 जुलाई को मंकीपॉक्स संक्रमण का पहला केस सामने आया था, इसके बाद 22 जुलाई तक कुल तीन मामले सामने आ गए। इनमें से दो लोग यूएई से लौटे थे, जबकि एक व्यक्ति थाईलैंड से आया था।
WHO ने मंकीपॉक्स को लेकर की वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा
बता दें कि मंकीपॉक्स वायरस दुनिया के 70 देशों में फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (who) ने इस वायरस के इतने तेज प्रसार को एक ‘असाधारण’ हालात करार देते हुए शनिवार को इसे लेकर वैश्विक आपात स्थिति घोषित किया है। डब्ल्यूएचओ की यह घोषणा इस रोग के उपचार के लिए निवेश में तेजी ला सकती है और इसने इस रोग का टीका विकसित करने की जरूरत को रेखांकित किया है।
देश में कोरोना के 20 हजार से ज्यादा नए मामले
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना केसों में कमी आई है। भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 20,279 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 18,143 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना वायरस से 36 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले भारत में कोरोना के 21,411 नए मामले सामने आए थे, जो आज के मुकाबले ज्यादा थे।
देश में सक्रिय मामले बढ़े
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या में भी इजाफा हुआ। सक्रिय मामले डेढ़ लाख के आंकड़े को पार कर गए है। अब तक देश में 1 लाख 52 हजार 200 मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि देश में 5 लाख 26 हजार 033 लोगों की कोरोना वायरस से अब तक मौत हो चुकी है। वहीं, रिकवरी की बात करें तो कुल रिकवरी 4,32,10,522 हो गई है। इसके अलावा देशभर में 2,01,99,33,453 लोगों को कोरोना वैक्सीन दी गई है।
बता दें कि पिछले चार दिनों से देश में 20 हजार से अधिक केस मिले हैं। 21 जुलाई को देश में कोरोना वायरस के 21 हजार 566 मामले सामने आए। वहीं, 22 जुलाई को 21 हजार 880 केस मिले। इसके अलावा 23 जुलाई को 21 हजार 411 केस मिले हैं। जबकि आज देश में 20,279 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि, कल हुई मौतों के मुकाबले आज 36 लोगों की कोरोना से जान गई है। जबकि एक दिन पहले 67 लोगों की जान गई थी।
आज का अपडेट
कुल मामले: 4,38,88,755
सक्रिय मामले: 1,52,200
कुल रिकवरी: 4,32,10,522
कुल मौतें: 5,26,033
कुल वैक्सीनेशन: 2,01,99,33,453
छत्तीसगढ़ में 511 नए मामले
रायपुर: स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 23 जुलाई की स्थिति में प्रदेश की पाॅजिटिविटी दर 4.48 प्रतिशत है। प्रदेश भर में हुए 11 हजार 398 सैंपलों की जांच में 511 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 458 मरीज़ स्वस्थ होने के उपरांत डिस्चार्ज हुए।
गरियाबंद से 01, दंतेवाड़ा एवं कोंडागांव से 02-02, कांकेर, बलरामपुर, कोरिया एवं मुंगेली से 04-04, सूरजपुर से 07, कबीरधाम से 08, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से 10, धमतरी एवं रायगढ़ से 13-13, बालोद एवं बेमेतरा से 15-15, बस्तर से 18, सरगुजा से 22, महासमुंद एवं बिलासपुर से 23, जशपुर, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा से 24-24, बलौदाबाजार से 30, राजनांदगांव से 69, दुर्ग से 73, रायपुर से 79 कोरोना संक्रमित पाए गए तथा शेष जिलों में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है।

