May 4, 2026

इलेक्ट्रिक स्कूटर रीचार्ज यूनिट से होटल में फैली आग: दम घुटने से 8 लोगों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

sika

हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के ग्रेटर हैदराबाद के सिकंदराबाद में सोमवार देर रात एक होटल में आग लगने से 8 लोगों की हुई मौत पर दुख जताया है, इसके साथ ही मुआवजे की भी घोषणा की है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


PM ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘तेलंगाना के सिकंदराबाद में आग लगने से हुए लोगों की मौत से दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा, साथ ही घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

यहां पढ़े पूरी खबर
हैदराबाद के होटल में सोमवार रात 10 बजे आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। हैदराबाद कमिश्नर सीवी आनंद ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि फायर ब्रिगेड वक्त पर पहुंच गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया, लेकिन धुआं काफी ज्यादा था और इस वजह से कुछ लोगों की जान चली गई।

पुलिस ने बताया कि होटल के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटर रीचार्ज यूनिट थी। आग यहीं से फैली। आग ने पहली और दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं काफी ज्यादा भर गया था और दम घुटने से लोगों की जान चली गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के वक्त इमारत में 25 लोग थे। मौके पर मौजूद कई लोगों ने होटल में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुछ लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से भी कूद गए।


You may have missed