October 26, 2026

WHO के प्रमुख ने किया दावा: कोरोना महामारी का खात्मा संभव, कम हुआ मौतों का आंकड़ा

WHO

नई दिल्ली: दुनियाभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से हड़कंप मचा हुआ था। अब कुछ महीनो से कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है, इस बीच कोरोना से होने वाली मौतें भी पहले से कम हुई हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने बुधवार को दावा किया है कि कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतें मार्च 2020 के बाद पिछले हफ्ते सबसे कम दर्ज की गई हैं, इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि अब महामारी का खात्मा संभव दिख रहा है।


विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने बुधवार को कहा है कि ‘हम ऐसी बेहतर स्थिति में कभी नहीं रहे कि महामारी का खात्मा हो सके। उन्होंने कहा, ‘मैराथन रनर तब नहीं रुकता जब उसे दूर से फिनिश लाइन दिखाई देती है। वह अपनी पूरी बची हुई ताकत के साथ दौड़ती रहती है। हमें भी ऐसा ही करना है। हम फिनिश लाइन देख सकते हैं। हम जीत की स्थिति में हैं, लेकिन यह दौड़ने से रुकने का सबसे खराब समय है।’

मौके का लाभ उठाएं देश
डब्ल्यूएचओ ने यह भी चेतावनी दी कि अगर विश्व इस समय मौके का लाभ नहीं उठाएगा तो भविष्य में कोरोना के अधिक वेरिएंट, इससे मौतों के मामले और अस्थिरता बढ़ेगी। तो ऐसे में हमें इस मौके का फायदा उठाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन जल्द ही कोरोना से संबंधित छह नीति दस्तावेज जारी करेगा ताकि सभी देशों की सरकारें कोरोना महामारी के खात्मे के लिए जरूरी कदम उठा सकें।

WHO जारी करेगा 6 नीति दस्तावेज
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख ने कहा है कि ये 6 नीति दस्तावेज पिछले 32 महीने के कोरोना समय के दौरान जुटाए गए आंकड़े, कोरोना के मामलों पर सबूत और अनुभव पर आधारित होंगे। ये दस्तावेज इन बातों को भी उजागर करेंगे कि कैसे बेहतर काम करके लोगों की जान बचाई जाए, कैसे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाए और कैसे सामाजिक और आर्थिक बाधाओं को दूर किया जाए। उन्होंने कहा है कि जो भी दस्तावेज ऑनलाइन के रूप में मौजूद हैं उनमें संवेदनशील लोगों के समूहों के टीकाकरण पर सुझाव, लगातार टेस्टिंग और कोरोना वायरस की सीक्वेंसिंग और कोविड-19 महामारी में इलाज से संबंधित सुझाव मौजूद हैं।

 


You may have missed