CGPSC Pune Exam 2022: चपरासी पद के लिए इंजीनियर से पोस्ट ग्रेजुएट तक ने दी परीक्षा.. बोले- कोई काम छोटा नहीं होता, ये तो सरकारी नौकरी है
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने भृत्य पद (चपरासी) के लिए परीक्षा ली। जब से प्रदेश बना है तब से ये पहला मौका था जब सरकारी तंत्र के सबसे छोटे पद के लिए CGPSC परीक्षा ले रहा है। मगर इस परीक्षा में जो खास बात रही है, वो ये रही कि इंजीनियर से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कह दिया कि कोई भी काम छोटा नहीं होता है। ये तो सरकारी नौकरी है।


दोपहर 12 बजे शुरु हुई परीक्षा दोपहर 2 बजे खत्म हुई। ये पहला चरण था। इसके बाद दूसरे चरण में हिंदी की परीक्षा भी होगी। इनकी तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया गया है। इस पहले चरण की परीक्षा में छत्तीसगढ़ और भारत का सामान्य ज्ञान पूछा गया। सामान्य अंग्रेजी, गणित और छत्तीसगढ़ी भाषा के सवाल पूछे गए।
परिक्षार्थियों ने बताया कि सवाल काफी आसान थे। वैसे तो इस परीक्षा में शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास मांगी गई थी। मगर इंजीनियर से लेकर किसान तक परीक्षा देने आए थे। सभी की जिंदगी का एक ही मकसद नजर आया और वो था सरकारी नौकरी। परीक्षा देने सेंट पॉल स्कूल के सेंटर में आई अंकिता साहू ने कहा मैं ग्रैजूएट हूं, PGDCA किया है। सब इंस्पेक्टर की तैयारी कर रही हूं। 2018 से लगी हूं। इस बीच ये परीक्षा आई तो एग्जाम दे दिया है।
सरकारी नौकरी मिल जाएगी तो मेरे करियर के साथ परिवार का भविष्य भी सिक्योर हो जाएगा।

