अंडा करी बनाने से इंकार करने पर कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट
गंजाम: ओडिशा के गंजाम जिले में एक बेटे ने अपनी 50 वर्षीय मां को केवल इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसने बेटे के मनपसंद खाना नहीं बनाया था. अपने बेटे के घर दशहरे पर आई मां से शराबी बेटे ने अंडा करी बनाने को कहा था. मां ने उसकी बात नहीं मानी तो उसका सिर दीवार से दे मारा. इसके बाद मां को गंभीर चोट लग गई. लेकिन बेटा यहां नहीं रूका उसने लोहे की रॉड से मां का सिर फोड़ दिया. जिसके बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में बेटे पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है.


जानकारी के मुताबिक यह घटना गंजाम जिले के तरसिंग थाना क्षेत्र के गजपदार गांव की है. यहां पर सनातन नाम का व्यक्ति अकेला ही रहता था. दशहरे पर उससे मिलने उसकी मां त्रिबेनी घर आई थीं. इसी दौरान यह हादसा हुआ है. त्रिबेनी दरअसल अपने बेटे से अलग आंध्र प्रदेश के एक प्रॉन प्रोसेसिंग फैक्ट्री में काम कर रही थी. दशहरे पर वह अपने बेटे से मिलने आई थी. घर में लड़ाई और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए लेकिन सनातन को कोई रोक नहीं पाया.
पत्नी भी छोड़कर चली गई
सनातन की आदतों और प्रताड़ना से तंग आकर उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर बहुत समय पहले चली गई थी. वह अपने माता-पिता के घर पर रह रही है. वहीं त्रिबेनी भी उसके बुरे बर्ताव और नशे की लत की वजह से घर से जा चुकी थीं और आंध्र प्रदेश चली गई थीं. वहां जाकर वह एक प्रॉन प्रोसेसिंग फैक्ट्री में काम कर रही थी.
दशहरे पर आई थीं घर
त्रिबेनी दशहरे पर अपने बेटे से मिलने घर आई थीं, वह कुछ दिनों के लिए यहीं रुक गई थी. इसी बीच शुक्रवार की शाम को बेटे सनातन ने उनसे कहा था कि रात के खाने में अंडाकरी बना देना. यह कहकर वह शराब लेने चला गया. जब वह लौटा तो नशे में धुत था. उसने मां से पूछा कि अंडा करी बनी है क्या? त्रिबेनी ने मना किया तो वह भड़क उठा और उनपर हमला कर दिया.

