May 28, 2023

मौसम अपडेट: छत्तीसगढ़ में अब पड़ेगी कड़ाके की ठंड…उत्तर से आने वाली हवाएं बढ़ाएगी ठिठुरन, इस जिले में 10 डिग्री तक पहुंचा पारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में जल्द ही कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। प्रदेश में तेज ठंड ने दस्तक दे दी है। एक दिन के भीतर कई स्थानों पर रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। कोरिया में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री पेण्ड्रा रोड में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सरगुजा में भी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास है। वहीं सुदूर दक्षिण के बस्तर संभाग के कुछ जिलाें में उत्तर के कुछ जिलाें से अधिक ठंड पड़ रही है।

तीन-चार दिनों तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। आसमान साफ रहेगा और सुबह कोहरा नजर आएगा। मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा का कहना है कि तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि भी होगी। मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

उत्तर से ठंडी हवाएं आएंगी तो तेजी से गिरेगा तापमान
बताया जा रहा है कि सामान्य तौर पर उत्तर से आती शुष्क और ठंडी हवाओं की वजह से प्रदेश का उत्तरी-पश्चिमी हिस्सा अधिक ठंडा होता है। इस बार उत्तर से शुष्क हवाएं आने लगी हैं। जैसे ही इनकी ठंडक बढ़ेगी इन क्षेत्रों में तेजी से तापमान गिरेगा। दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। उसके बाद ही अधिक ठंड महसूस होगी। रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच जाएगा।

पिछले 10 साल में नवंबर में 13 डिग्री न्यूनतम रहा है रायपुर का पारा
प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। हवा की दिशा उत्तरी होने के कारण अक्टूबर के आखिरी सप्ताह से हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। आल टाइम रिकार्ड की बात करें तो रायपुर में 139 साल पहले यानी 1883 में 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री था। पिछले 10 साल में 18 नवंबर 2012 में रात का तापमान 13.3 रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से हवा आने के कारण अब न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। यानी ठंड में बढ़ोत्तरी होगी।

सामान्य तौर पर प्रदेश के सरगुजा-बिलासपुर संभाग के कई जिलाें और दुर्ग के कबीरधाम जिले में अधिक ठंड पड़ती है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह वहां के सामान्य न्यूनतम तापमान से एक डिग्री कम है।

वहीं दुर्ग में यह तापमान 16.6 डिग्री, बिलासपुर में 15.4 डिग्री, राजनांदगांव में 16.1 और जगदलपुर में 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। रविवार को कोरिया में प्रदेश का सबसे कम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं नारायणपुर में 11.9 तापमान रिकॉर्ड हुआ है। एक दिन पहले कबीरधाम में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया था। बस्तर के नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री था। वहीं अंबिकापुर का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड हुआ था। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में उत्तर से शुष्क हवाओं का आगमन हो रहा है। इसके कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

You may have missed