May 29, 2023

रायपुर में शराब दुकान के विरोध में उतरी महिलाएं: बोली– नशे में बदमाश करते हैं छेड़छाड़ और लूटपाट

रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में स्थित काठाडीह के पास शराब दुकान का महिलाओं ने जमकर विरोध किया है। महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में बदमाश छेड़छाड़ और लूटपाट करते हैं। जिसके चलते आसपास के स्थानीय नागरिकों में बहुत नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। जिसमें महिला पुलिस बल के साथ उनकी जमकर झूमाझटकी की भी हुई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने टिकरापारा पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

सोमवार दोपहर 12 बजे के आसपास कॉलोनी में रहने वाली महिलाएं शराब दुकान के सामने पहुंच गई थीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस शराब दुकान की वजह से आसपास लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। जिसके चलते आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्कूल के बच्चे जब वहां से गुजरते हैं तो उनके साथ शराबी बदतमीजी करते हैं। इसके अलावा महिलाओं के साथ छेड़खानी और गंदी हरकतें करते हैं। शाम होते ही वहां पर शराबियों का जमावड़ा और भी बढ़ जाता है।

महिलाओं ने मांग की है कि इस शराब दुकान को तत्काल बंद किया जाए। इसे यहां से हटाकर किसी दूर-दराज जगह में शिफ्ट किया जाए। जिससे यहां के रहवासियों को राहत मिले। दरअसल भाठागांव से काठाडीह जाने के लिए एक सार्वजनिक रास्ता है। जिसमें हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं। इस रोड में आगे चलकर इंग्लिश मीडियम स्कूल और पत्रकारिता विश्वविद्यालय भी स्थित है। साथ ही आसपास कई अस्पताल और सार्वजनिक संस्थान हैं। यहां आने-जाने वाले लोगों को दुकान की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

You may have missed