April 30, 2026

रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह: आज रात तय होगा भाजपा का चुनावी एक्शन प्लान, 7 जुलाई को PM मोदी छत्तीसगढ़ को देंगे 7500 करोड़ की सौगात

IMG_20230705_203243

रायपुर: देश के गृह मंत्री अमित शाह रायपुर पहुंच गए हैं। बुधवार को शाम 7 बजे के आसपास अमित शाह रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट में उनका स्वागत करने पूर्व सीएम रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल समेत तमाम नेता मौजूद रहे।


शाह एयरपोर्ट से सीधे भाजपा कार्यालय निकल गए। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की बैठक होनी है। आज की रात छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनावी एक्शन प्लान तैयार कर लिया जाएगा।

बैठक में तय होगा कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी किन मुद्दों और किस अंदाज में जनता के बीच जाने वाली है। अमित शाह कई तरह के फीडबैक पहले ही हासिल कर चुके हैं। अपनी रणनीति लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। प्रदेश के नेताओं से भी वह स्थानीय मसलों पर बातचीत करेंगे। कांग्रेस को सियासी दंगल में पटखनी देने के लिए शाह अपने अंदाज में सियासी गणित की क्लास लेंगे।

शाम 7:00 से 8:00 तक अमित शाह रायपुर पहुंचने के बाद कार्यालय में रेस्ट करेंगे। 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक बंद कमरे में बैठक होनी है। बैठक का एजेंडा क्या होगा। इसकी जानकारी अमित शाह और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रभारी ओम माथुर को है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और कुछ सांसद- भाजपा विधायक शामिल होंगे। संगठन के चुनिंदा नेताओं को इस बैठक में बुलाया गया है। बड़े नेताओं से अमित शाह की चर्चा देर रात तक चल सकती है। अमित शाह प्रदेश कार्यालय में ही रात बिताएंगे और सुबह 11:00 बजे के आसपास उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम तय है।

अमित शाह के दौरे की वजह से प्रदेश कार्यालय को सजाया गया है। गृहमंत्री को किसी तरह की परेशानी न हो इसका भी ख्याल रखा जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश कार्यालय को छावनी में तब्दील किया गया है। आने-जाने वालों पर निगरानी भी रखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी 7500 करोड़ की सौगात देंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को अब सुबह 9:40 बजे की जगह 10:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर के जरिए साइंस कॉलेज के ग्राउंड में पहुंचेंगे। जहां 7500 करोड़ की सौगात देकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

नरेंद्र मोदी करीब 2 घंटे रायपुर में रहेंगे 12:40 के आसपास रायपुर से यूपी के गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। PM मोदी जनता से जुड़े हाईवे, रेलवे और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट लॉन्च करेंगे, और फिर जनसभा को संबोधित करेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के मुताबिक इस सभा को विजय संकल्प जनसभा नाम दिया गया है।

2 दिन में 4 राज्यों का दौरा करेंगे और 50 हजार करोड़ की देंगे पीएम मोदी
7 से 8 जुलाई को नरेंद्र मोदी चार राज्यों में 5 शहरों का दौरा करेंगे। जिनमें, रायपुर (छत्तीसगढ़), गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), वाराणसी (उत्तर प्रदेश), वारंगल (तेलंगाना), बीकानेर (राजस्थान) में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। सभी जगहों में मिलाकर कुल 50 हजार करोड़ रुपए की करीब 50 परियोजनाओं की सौगात देंगे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी तीन राज्यों में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए पीएम मोदी का यह प्रस्तावित दौरा बीजेपी के लिए काफी अहमियत रखता है। 7 जुलाई को नरेंद्र मोदी सबसे पहले दिल्ली से रायपुर जाएंगे। जहां वह कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी क्या-क्या करेंगे, एक पॉइंट में पढ़िए..

रायपुर में करीब 7500 करोड़ रुपए की अलग-अलग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
छत्तीसगढ़ में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
रायपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर के 6 लेन की आधारशिला भी रखेंगे।


You may have missed