छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों में 4 दिन में पहुंचेगा मानसून: 11 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
देश के आधे से अधिक राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भारी, तो कहीं प्री मानसून बारिश हो रही है। कुछ जगह अभी भी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।


मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले 3-4 दिन में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है।
गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों- सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो रही है।
असम में बाढ़ की वजह से 15 जिलों में 1.61 लाख लोग प्रभावित हैं। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए कमांडो तैनात किए गए हैं।
IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू डिवीजन में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी दिल्ली में गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड रिकॉर्ड 8,647 मेगावॉट पर पहुंच गई है। यहां अगले दो-तीन दिनों में बारिश का अनुमान है। इसके बाद गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि देश में 1 से 18 जून के बीच 64.5 मिमी बारिश हुई, जो 80.6 मिमी की लंबी अवधि के औसत (LPA) से 20 प्रतिशत कम है।
जून से सितंबर तक 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर (86.86CM) है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए।

