April 18, 2026

केंद्र सरकार ने जीका वायरस को लेकर राज्यों में जारी किया अलर्ट: इन्हें बरतनी होगी सबसे ज्यादा सावधानी

IMG_20240703_184656

देश के कुछ हिस्सों में जीका वायरस के मामले बढ़ने के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को अलर्ट कर दिया है।


महाराष्ट्र के पुणे में सात और कोलकाता में जीका वायरस एक नया मामला सामने आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को परामर्श जारी करते हुए देशभर में हालात पर कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है।

केंद्र ने राज्यों से आग्रह किया है कि वे गर्भवती महिलाओं की जीका वायरस जांच पर विशेष ध्यान दें और किसी भी महिला में यह संक्रमण पाए जाने पर भ्रूण के विकास की निरंतर निगरानी करें। गर्भवती महिलाओं के जीका वायरस से संक्रमित होने पर उनके गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क का पूर्ण विकास नहीं होने के चलते सिर का आकार छोटा होने की आशंका रहती है।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल ने स्वास्थ्य सुविधाओं से एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति का भी निर्देश दिया है, जो एडीज मच्छरों से होने वाले संक्रमण की निरंतर निगरानी करते हुए कार्रवाई करेगा।

पुणे में 55 वर्षीय एक महिला के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही, पुणे में इस घातक वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इनमें दो गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।

पुणे नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कोथरुड के दाहनुकर कॉलोनी से एक महिला ने शरीर पर चकत्ते बनने और जोड़ों में दर्द होने की शिकायत की थी। जांच रिपोर्ट में उसके जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।


You may have missed