ELECTION RESULT 2024 LIVE: 15 राज्यों की 46 विधानसभा, 2 लोकसभा पर काउंटिंग पूरी, जानिए कहां किसे मिली जीत, किसके हिस्से में आई हार
ELECTION RESULT 2024 LIVE : 15 राज्यों की 46 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर काउंटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। वायनाड लोकसभा सीट पर प्रियंका गांधी ने 4 लाख 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।
प्रियंका गांधी को कुल 6 लाख 22 हजार 338 वोट मिले। यहां CPI के सत्यन मोकेरी 2 लाख 11 हजार वोट दूसरे और भाजपा की नव्या हरिदास 1 लाख 9 हजार वोट तीसरे नंबर पर रहे।
संतुक हंबार्डे की जीत पक्की-
महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के संतुक हंबार्डे की जीत लगभग पक्की है। वे कांग्रेस के वसंत राव चव्हाण से करीब 42 हजार 527 वोटों से आगे चल रहे हैं। अभी रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है।
महाराष्ट्र में महायुति की प्रचंड जीत-
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन महायुति ने शानदार जीत दर्ज की है. राज्य में एक बार फिर उसकी सरकार बन रही है. 288 सीटों वाले महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति को 200 से ज्यादा सीट मिल रही हैं.
वहीं, MVA को 70 से कम सीटें मिल रही हैं. राज्य में बंपर बहुमत के बाद महायुति में अब सीएम पद को लेकर माथापच्ची होगी.
एकनाथ शिंदे ने कहा है कि तीनों पार्टियां मिलकर फैसला लेंगी. उन्होंने ये भी कहा कि ये तय नहीं है कि जिसकी ज्यादा सीटें आई हैं सीएम उसका ही बनेगा.
MP की दो सीटों पर उपचुनाव-
मध्यप्रदेश की विजयपुर सीट पर कांग्रेस से भाजपा में आए वन मंत्री रामनिवास रावत हार गए। बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने 13 हजार 109 वोटों से जीत हासिल कर ली है। कांटे भरे मुकाबले में भाजपा के रमाकांत भार्गव को 1 लाख 7 हजार 478 वोट जबकि कांग्रेस के राजकुमार पटेल को 93577 वोट मिले।
UP का रण-
वहीं, उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों में से भाजपा गठबंधन को 7 और सपा को 2 सीटों पर जीत मिली है।
46 सीटों पर भाजपा गठबंधन 24, कांग्रेस 7, TMC 6, सपा 3, AAP 3, CPI-M, नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) और भारत आदिवासी पार्टी 1-1 सीटों पर आगे चल रही हैं। भाजपा गठबंधन में जेडीयू, हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (HAM), असम गण परिषद (AGP), यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी (UPP) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) शामिल हैं।
चुनाव से पहले इन 46 सीटों में से 27 सीटों पर विपक्ष का कब्जा था। इनमें अकेले कांग्रेस के पास 13 सीटें थीं। वहीं, भाजपा की 11 सीटों समेत NDA के पास कुल 17 सीटें थीं। इस तरह से भाजपा गठबंधन को कुल 7 सीटों का फायदा है।
रायपुर दक्षिण में खिला कमल
रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी जीत हासिल कर लिया है। सुनील सोनी ने 46 हजार 167 वोटों से जीत हासिल किए हैं। वोटों की गिनती खत्म हो गई है। सभी राउंड की मतगणना में सुनील सोनी आगे रहे।