RCB ने जीता IPL 2025 के 18वें सीजन का टाइटल: चमचमाती ट्रॉफी के साथ हुई पैसों की बारिश
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 18वें सीजन का टाइटल जीता। RCB ने पहली बार IPL टाइटल जीता, लेकिन PBKS के ट्रॉफी जीतने का इंतजार बढ़ गया।


184 रन ही बना सकी PBKS
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 191 रन का टारगेट चेज कर रही PBKS 184 रन ही बना सकी। बेंगलुरु की ओर से विराट कोहली ने 35 गेंद पर 43 रन बनाए।
जितेश ने तेज बल्लेबाजी की और 240 के स्ट्राइक रेट से 10 गेंद में 24 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या ने 17 रन देकर 2 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने भी 2 विकेट लिए। पंजाब से अर्शदीप सिंह और काइल जैमिसन ने 3-3 विकेट लिए।
RCB आठवीं चैंपियन
RCB की टीम IPL इतिहास की आठवीं चैंपियन बनी है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (5 बार), मुंबई इंडियंस (5 बार), कोलकाता नाइट राइडर्स (3 बार), राजस्थान रॉयल्स (1 बार), डेक्कन चार्जर्स (1 बार), सनराइजर्स हैदराबाद (1 बार) और गुजरात जायंट्स (1 बार) चैंपियन बनी है।
ट्रॉफी के साथ विनिंग प्राइज
IPL 2025 का खिताब जीतने पर RCB को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 20 करोड़ रुपए की विनिंग प्राइज मिली। जबकि रनर-अप PBKS को 12.5 करोड़ रुपए से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर रही मुंबई इंडियंस को 7 और चौथे नंबर की टीम गुजरात टाइटंस को 6.50 करोड़ रुपए मिले।
सुपर स्ट्राइकर ऑफ सीजन सूर्यवंशी
सीजन में सबसे ज्यादा 759 रन बनाने वाले गुजरात के साई सुदर्शन को ऑरेंज कैप दी गई, जबकि सबसे ज्यादा 25 विकेट लेने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को पर्पल कैप मिली। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी सुपर स्ट्राइकर ऑफ सीजन चुने गए।
सुदर्शन को 3 अवॉर्ड; 14 साल के वैभव सुपर स्ट्राइकर
सबसे ज्यादा इंडिविजुअल अवॉर्ड गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन को मिले। उन्हें ऑरेंज कैप के अलावा, अल्टीमेट फैंटेसी प्लेयर ऑफ द सीजन, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और मोस्ट बाउंड्री (चौके) का अवॉर्ड भी दिया गया। मुंबई के सूर्यकुमार यादव मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
इन्हें भी मिला अवॉर्ड
इनके अलावा, मोस्ट सिक्स हिटर का अवॉर्ड लखनऊ के निकोलस पूरन, ग्रीन डॉट बॉल का अवॉर्ड गुजरात के मोहम्मद सिराज और बेस्ट कैच का अवॉर्ड हैदराबाद के कमिंदु मेंडिस को दिया गया।

