CG Me Aaj ka Mausam: सावधान! फटेंगे बादल होगी जबरदस्त बारिश, इन 4 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी


Aaj Mausam Kaisa Rahega: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ की स्थिति ने चिंता भी बढ़ा दी है। अगले दो दिन राज्य के लिए बेहद अहम हैं और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मानसून पूरी तरह सक्रिय
Aaj Mausam Kaisa Rahega: छत्तीसगढ़ में मानसून (CG monsoon) पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और राज्य के उत्तरी व मध्य हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। सरगुजा, बस्तर, बिलासपुर, रायपुर समेत कई जिलों में मूसलधार बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
जलभराव की स्थिति
खासकर सरगुजा संभाग में हालात ज्यादा खराब हैं, जहां अंबिकापुर की सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। इससे कई वाहन पानी में आधे डूब गए। वहीं, प्रदेश की राजधानी रायपुर में भी रविवार को रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव की स्थिति भी बन गई।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
रायपुर स्थित मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने बालोद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलधार बारिश होने की आशंका है। वहीं रायपुर, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, कांकेर, धमतरी, दुर्ग और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अरपा नदी समेत नदियों का जलस्तर बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार हो रही वर्षा के चलते बिलासपुर की अरपा नदी समेत कई अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम तंत्र की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में औसत समुद्र तल पर मानसून की गर्त रेखा सूरतगढ़, सिरसा, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज, बांकुरा, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जो समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। यह तंत्र अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड की ओर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
इस वजह से हो रही बारिश
एक अन्य महत्वपूर्ण मौसमी संरचना – पूर्वोत्तर अरब सागर से लेकर उत्तर गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण झारखंड तक बनी द्रोणिका, जो 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर है, दक्षिण दिशा की ओर झुकी हुई है। इससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।
रायपुर का पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 7 जुलाई को आकाश मेघाच्छन्न रहने की संभावना है और दिनभर रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
विभिन्न शहरों का तापमान
रायपुर (माना एयरपोर्ट): 27.0°C
बिलासपुर: 25.6°C
पेंड्रा रोड: 24.8°C
अंबिकापुर: 26.6°C
जगदलपुर: 27.0°C
दुर्ग: 26.2°C
राजनांदगांव: 26.5°C
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और आवश्यक न हो तो यात्रा से बचें। साथ ही, किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था करें ताकि फसलें प्रभावित न हों।

