July 12, 2026

चिंगरापगार में भारी हंगामा: युवकों ने की मारपीट, उग्र ग्रामीणों ने गाड़ियों में की तोड़फोड़; 5 युवक पुलिस हिरासत में

Screenshot_20260712-230004_Chrome

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिंगरापगार में आज उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब दुर्ग से आए कुछ युवकों ने पार्किंग और एंट्री टाइम को लेकर जमकर हंगामा किया। दोपहर 3 बजे के बाद एंट्री बंद होने के बावजूद ये युवक जबरदस्ती अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। जब वहां मौजूद स्थानीय समिति के युवकों ने उन्हें रोका, तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।


हंगामे की खबर मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो रसूख के नशे में चूर इन युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी बदसलूकी और झूमाझटकी की। युवकों की इस गुंडागर्दी को देख स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने युवकों की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ कर दी।

बताया जा रहा है कि युवक 2 से 3 चार पहिया वाहनों में सवार होकर आए थे, जिनमें से एक गाड़ी पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पदाधिकारी की पट्टी लगी हुई थी। युवक लगातार अपनी पार्टी और पावर का धौंस दिखाकर पुलिस और ग्रामीणों को धमका रहे थे। फिलहाल पुलिस ने 5 युवकों को हिरासत में लिया है और एक वाहन को जब्त कर थाने लाया गया है, जहां मामले की जांच की जा रही है।

देर शाम तक थाने में जुटे रहे ग्रामीण

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गरियाबंद थाने पहुंच गए। देर शाम तक वहां तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

नशे में होने और राजनीतिक नाम लेने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद करने वाले युवक नशे की हालत में थे। उनका यह भी कहना है कि युवक खुद को भाजपा से जुड़ा बताते हुए पार्टी का नाम लेकर ग्रामीणों और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


You may have missed