राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा: छालीवुड अभिनेता करण खान को मिलेगा ‘किशोर साहू सम्मान’, छत्तीसगढ़ी सिनेमा में योगदान के लिए हुआ चयन
रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री यानी छालीवुड के लिए गर्व की खबर है। प्रदेश के जाने-माने अभिनेता करण खान को सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘किशोर साहू सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।


छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर प्रदेश सरकार ने राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें करण खान का चयन भी किया गया है। उनका वास्तविक नाम सैयद ताहिर अली है और उन्हें रायपुर जिले के अंतर्गत इस सम्मान के लिए चुना गया है।
हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में योगदान के लिए सम्मान
राज्य सरकार की ओर से घोषित सूची के अनुसार, हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा और निर्माण के क्षेत्र में योगदान के लिए करण खान को किशोर साहू सम्मान दिया जाएगा। यह सम्मान छत्तीसगढ़ी सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान और फिल्म जगत में उनकी भूमिका को पहचान देने वाला है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने की घोषणा
इस बार राज्य अलंकरण की घोषणा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान की। राज्योत्सव 2026 के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 36 विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कौन थे किशोर साहू ?
किशोर साहू भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक थे। उनका जन्म छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में हुआ था। उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई और अभिनय के साथ-साथ निर्देशन एवं लेखन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
राज्योत्सव में 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य सरकार का यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं के योगदान को पहचान देने के साथ ही नई पीढ़ी को कला, संस्कृति और सिनेमा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। करण खान को किशोर साहू सम्मान के लिए चुना जाना छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

