April 19, 2026

BIG NEWS : दो राज्यों की सीमा पर हुए विवाद में पुलिस के छह जवान शहीद, सीएम ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

IMG_20210726_202942

असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा भड़कने की खबर आ रही है। असम पुलिस ने जानकारी दी है कि दोनों राज्यों की सीमा पर मिजोरम से आए कुछ अराजक तत्वों ने पथराव और फायरिंग की है। जानकारी के अनुसार इस टकराव में असम पुलिस के छह जवान शहीद हुए हैं। दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से दखल की मांग की है।


मुख्यमंत्री सरमा ने एक ट्वीट में कहा, ‘मुझे यह जानकारी देते हुए बहुत कष्ट हो रहा है कि असम पुलिस के छह बहादुर जवान असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की सुरक्षा करते हुए शहीद हो गए। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ हैं।’ उल्लेखनीय है कि सीमा विवाद को इस मुद्दे को लेकर हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बैठक की थी।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने एक दूसरे पर लगाए आरोप
इस मामले पर असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने मिजोरम के मुख्यमंत्री को ट्वीट करते हुए लिखा कि माननीय जोरमथंगा जी, कोलासिब (मिजोरम) के एसपी ने हमसे कहा है कि जब तक हम अपनी पोस्ट से पीछे नहीं हट जाते तब तक उनके नागरिक सुनेंगे नहीं और हिंसा नहीं रोकेंगे। ऐसे हालात में सरकार कैसे चला सकते हैं? 

वहीं इस ट्वीट के जवाब में जोरमथंगा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हिमंत जी,   अमित शाह जी ने दोनों मुख्यमंत्रियों के साथ एक निर्णायक बैठक की थी। उसके बाद आश्चर्यजनक रूप से आज मिजोरम में वेरिंगटे ऑटो रिक्शा स्टैंड के पास असम पुलिस की दो कंपनियां नागरिकों के साथ आईं और वहां मौजूद नागरिकों पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज किया। उन्होंने सीआरपीएफ और मिजोरम पुलिस के जवानों को भी भगा दिया।

हिमंत बिस्वा सरमा ने मिजोरम के सीएम से की बात
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने इस मामले पर ट्वीट करते हुए कहा है कि मैंने अभी अभी मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा जी से बात की है। मैंने दोहराया है कि असम हमारे राज्य की सीमाओं के बीच यथास्थिति और शांति बनाए रखेगा। उन्होंने कहा कि मैंने आइजोल जाने और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने अमित शाह से की दखल की मांग
सोमवार को मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने झड़प का एक वीडियो ट्वीट करते हुए गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए अनुरोध किया था कि इस मामले पर तुरंत कोई कार्रवाई करें। इसमें प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया गया है।

अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से बात की और उनसे सीमा मुद्दे को हल करने को कहा। दोनों मुख्यमंत्रियों ने इस मुद्दे को सुलझाने और शांति बनाए रखने पर सहमति जताई है। दोनों राज्यों के पुलिस बल विवादित स्थल से लौटे हैं। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।

 जानिए क्या है विवाद
दोनों राज्यों के बीच तनाव तब पैदा हुआ जब असम पुलिस ने राज्य की जमीन को कब्जे में लेने के लिए सीमा पर कथित तौर पर अतिक्रमण करना शुरू किया। 10 जुलाई को जब असम सरकार की टीम मौके पर गई तो उस पर अज्ञात लोगों ने बम से हमला कर दिया।


You may have missed