April 19, 2026

टीम इंडिया पर कोरोना का कहर : भारतीय क्रिकेट टीम के दो और खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव

ALLR

कोलंबो: टीम इंडिया (Team India) श्रीलंका दौरे पर लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलने गई थी. गुरुवार को हुए अंतिम टी20 के मुकाबले में टीम को 7 विकेट से हार मिली. इस तरह से श्रीलंका ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया. क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) के पॉजिटिव आने के बाद 8 और खिलाड़ी आइसोलेशन में चले गए थे और सीरीज के अंतिम दो मैच नहीं खेल सके थे. लेकिन अब रिपोर्ट आ रही है कि दो और खिलाड़ी पॉजिटिव हो गए हैं.


 खबर के अनुसार, युजवेंद्र चहल (Yuzvendra chahal) और कृष्णप्पा गौतम (krishnappa gautam) पॉजिटिव पाए गए हैं. नए टेस्ट के बाद यह परिणाम आया है. इससे पहले पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, कृष्णप्पा गौतम, मनीष पांडे, ईशान किशन, युजवेंद्र चहल और दीपक चाहर आइसोलेशन में थे. क्रुणाल पंड्या से इन खिलाड़ियों के संपर्क की बात सामने आई थी. टीम इंडिया आज श्रीलंका से रवाना होगी. आइसोलेशन में रह रहे अन्य खिलाड़ियों हार्दिक, पृथ्वी, सूर्यकुमार, मनीष, दीपक चाहर और ईशान की रिपोर्ट निगेटिव आई है. वे भी टीम के साथ भारत आएंगे

10 दिन आइसोलेशन में रहना होगा
श्रीलंका सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार, पॉजिटिव आने वाले खिलाड़ी को 10 दिन तक आइसोलेशन में रहना होगा. इसके बाद निगेटिव टेस्ट के बाद ही वे देश छोड़ सकते हैं. संपर्क में आने वाले व्यक्ति को 7 दिन आइसोलेशन में रहना होता है. युजवेंद्र चहल और कृष्णप्पा गौतम की पॉजिटिव रिपोर्ट शुक्रवार को ही आई है. ऐसे में उन्हें अगले 10 दिन तक श्रीलंका में ही रहना होगा.

पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार को लेकर जानकारी नहीं
बीसीसीआई ने पिछले दिनों पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड में होने वाली पांच मैचों टेस्ट सीरीज के लिए चुना था. लेकिन श्रीलंका में कोरोना के केस आने के बाद दोनों खिलाड़ियों को लेकर बोर्ड की ओर से अब तक कोई अपडेट नहीं आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी जगह दूसरे खिलाड़ियों काे इंग्लैंड भेजा जा सकता है.


You may have missed