जीजा जी की वर्दी चुराकर साले साहब बने हवलदार, फिर बदमाशों की सूची लेकर करने लगा ये काम
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पत्नी के भाई यानि (साले) ने अपने जीजा की वर्दी चुराकर फर्जी हवलदार बन गया और फिर सरपंचों से बदमाशों की सूचि लेकर वसूली करने लगा। बता दें की पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने फर्जी हवालदार को धर दबोचा है।


आसपास के गांव में घूम-घूमकर करने लगा वसूली
नवागढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नागधा निवासी कमर कुर्रे अपने हेड कांस्टेबल जीजा शिव कुमार बंजारे की वर्दी चुराकर नकली हवलदार बनकर ठगी कर रहा था। आरोपी कमर कुर्रे का जीजा खम्हरिया थाने में पदस्थ हैं। आरोपी ने उनके घर जाकर वर्दी चुराई। इसके बाद आसपास के गांव में घूम-घूमकर वसूली करने लगा।
आरोपी कमर कुर्रे के पास से अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा अपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के नामों की सूची भी मिली है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चोरी की बाइक भी बरामद की है, जिसे उसने बेमेतरा व रायपुर से चुराया था। इस मामले में नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी, चोरी व धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सरपंचों से निकलवाई बदमाशों की लिस्ट
आरोपी कमर कुर्रे नकली हवलदार बनकर पहले सरपंचों से मिलता था और उनसे गांव के अपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के नामों की सूची मांगता था। सरपंच भी पुलिस के धोखे में नाम लिखकर देते और उसमें अपनी सील मोहर लगाकर भी देते थे। इसका फायदा उठाकर वह बदमाशों से वसूली करने लगा।
सील मोहर लगी सूची देखकर बदमाश भी नकली हवलदार को असली समझने लगे। यह सिलसिला कई दिन तक चलता रहा। बार-बार की वसूली से तंग एक पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत कर दी। शिकायत के बाद नवागढ़ पुलिस ने आरोपी कमर कुर्रे को गिरफ्तार किया तब पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया।

