बड़ी खबर: पुल से निचे गिरी कार, हादसे में विधायक पुत्र समेत 7 मेडिकल छात्रों की मौत
वर्धा: महाराष्ट्र के सेलसुरा के पास सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक पुल से कार गिरने से तिरोरा से भाजपा विधायक विजय रहांगदाले के बेटे आविष्कार रहांगदाले समेत सात मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। वे सभी देवली से वर्धा सवांगी मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सेलसुरा शिवार से गुजरते समय पुल के पास अचानक जंगली जानवर आ गया जिसे बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में मरने वाले छात्रों में अविष्कार रहांगडाले (भाजपा विधायक का बेटा), नीरज चौहान, नीतीश सिंह, विवेक नंदन, प्रत्युष सिंह, शुभम जाय और पवन शक्ति शामिल हैं।


मिली जानकारी के अनुसार कार चला रहे व्यक्ति ने किसी जानवर को बचाने के लिए स्टेयरिग जोर से घुमा दिया था, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि सभी छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। रात की वजह से हादसे की सूचना देर से मिली हालांकि हादसे के समय हुई तेज आवाज को सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े और शवों को निकालने में मदद की।
जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के सेलसुरा के पास दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है।

