प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छुए बीजेपी जिलाध्यक्ष के पैर, जानिए आखिर रही वजह
उन्नाव: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पुरवा विधानसभा के चंदन खेड़ा गांव में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे, जहां पर स्वागत सम्मान के दौरान बीजेपी के जिला अध्यक्ष ने उन्हें राम दरबार को स्मृति स्वरूप भेंट किया। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी के पैर छुए, लेकिन पीएम मोदी ने तुरंत उन्हें रोका। पीएम मोदी ने उन्हें पैर न छूने को कहा। लेकिन इसके बाद पीएम मोदी ने पलटकर बीजेपी जिलाध्यक्ष के पैर छू लिए।


वीडियो हुआ वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी जनसभा करने के लिए रविवार को चंदन खेड़ा गांव पहुंचे थे। यहां पीएम मोदी के पहुंचने से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह उन्नाव की सभी 6 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी और जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह और बीजेपी जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार के साथ मौजूद थे। पीएम ने पहुंचने के बाद यहां सभी से मुलाकात की। इसके बाद बीजेपी के यूपी प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह और बीजेपी के उन्नाव जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार को प्रधानमंत्री को भगवान राम की एक मूर्ति भेंट करने के लिए कहा गया। प्रतिमा देने के बाद अवधेश कटियार ने प्रधानमंत्री के पैर छुए जिस पर उन्होंने जिलाध्यक्ष को ऐसा दोबारा न करने की बात कही।
जिनके रोम-रोम में प्रभु श्री राम का वास हो, ऐसे हमारे मोदी जी को जब रघुवर की प्रतिमा भेंट की गई तो उन्होंने देने वाले के चरण स्पर्श कर आभार जताया। pic.twitter.com/yR9wOfG6O0
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) February 20, 2022
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंच पर ही जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार के पैर छू लिए. पीएम मोदी ने जिस सादगी से अपने जिलाध्यक्ष का सम्मान किया है उसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, बीजेपी उत्तर प्रदेश ने इस घटना का वीडियो ट्वीट किया. इसके साथ ही लिखा, “जिनके रोम-रोम में प्रभु श्री राम का वास हो, ऐसे हमारे मोदी जी को जब रघुवर की प्रतिमा भेंट की गई तो उन्होंने देने वाले के चरण स्पर्श कर आभार जताया।”

