खाना बनाने की बात पर भतीजे ने चाची को उतारा मौत के घाट, दोनों थे लिव इन रिलेशनशिप में साथ
उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले से एक हत्या का मामला सामने आया है, यहां एक भतीजे ने अपनी ही चाची को मौत के घाट उतर दिया। दरअसल चाचा की मौत के बाद से भतीजा अपनी चाची के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बताया जा रहा है कि घर पर खाना नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद आग बबूला हुए भतीजे ने चाची की हत्या कर दी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र की है जिसमें पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद युवक जंगलों में फरार हो गया था जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।


हत्या का मामला हुआ दर्ज
थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने घटना के बारे में जानकारी दी कि हमें सूचना मिली थी कि रानी डूंगला में एक महिला जिसका नाम कैलाशी देवी है घर में बेहोश हालत में पड़ी है जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भूरालाल के पिता बाबरू ने बताया कि भूरालाल अपनी चाची के साथ मारपीट कर फरार हो गया है। पुलिस ने घटना की सूचना महिला के परिजनों को दी जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया की युवक ने लिव इन में रह रही चाची को पहले लात-घूसों से बुरी तरह से पीटा इसके बाद किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना के समय उसका पिता बाबरू बाजार गया हुआ था। बाबरू ने ही भूरालाल को चाची को पीटते हुए देखा। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव को घरवालों को सौंप दिया है। बता दें कि बाबरू, भजा और नानालाल तीन भाई हैं जिसमें नानालाल की शादी 12 साल पहले कैलाशी देवी से हुई थी। बीते दो साल पहले नानालाल की मौत हो जिसके बाद उसके दो बच्चे और वह खुद अपने भतीजे भूरालाल के साथ रहती थी।

