April 18, 2026

बड़ी खबर: प्रयागराज में पोलिंग बूथ के पास बम विस्‍फोट से मचा हड़कंप, धमाके में एक की मौत

prayagraj

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां एक पोलिंग बूथ के पास हुए बम विस्‍फोट में एक की मौत हो गई है। बता दें की उत्तर प्रदेश में छठे चरण के 12 जिलों की 61 सीटों पर मतदान जारी है। इसी बीच प्रयागराज से हादसे की एक खबर ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। पूरा मामला प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र का है


घटना शाम करीब चार बजे की है। करेली में 60 फीट रोड पर साइकिल सवार दो लड़के जा रहे थे तभी धमाका हुआ। विस्फोट से खलबली मच गई। राहगीर घबराकर इधर-उधर हो गए। फिर देखा कि साइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर पड़े हैं। उनमें एक खून से लथपथ था जबकि दूसरे को मामूली चोट पहुंची थी। हां सीओ समेत कई थानों की पुलिस आ गई। पुलिस ने बताया कि मृतक 21 वर्षीय अर्जुन कोल कोरांव में रामगढ़ के बाबूलाल कोल का पुत्र था। घायल संजय कोल पुत्र बालेश्वर कोल उसका चचेरा भाई है। उससे घटना की जानकारी ली जा रही है।

एडीजी प्रयागराज जोन प्रेम प्रकाश के मुताबिक, रामगढ़ कोरांव के रहने वाले 2 युवक संजय और अर्जुन साइकिल से कहीं जा रहे थे, इस बीच साइकिल गिरने से विस्फोट हो गया। साइकिल पर एक थैला टंगा हुआ था, जिसमें यह विस्‍फोटक था। उन्‍होंने कहा कि इसमें अर्जुन पुत्र बाबूलाल की मौत हो गयी है, तो दूसरा युवक घायल है, जिसे पकड़ लिया गया है। यह दोनों चुनाव वाले क्षेत्र में घूम रहे थे। शायद यह दोनों कहीं सप्‍लाई करने जा रहे थे। जबकि उसका साथी संजय घायल है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।


You may have missed