मजदूर दिवस पर खाएं विटामिन से भरपूर बोरे-बासी- सीएम भूपेश बघेल
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 1 मई मजदूर दिवस को लेकर प्रदेशवासियों से एक खास अपील की है। प्रदेश में प्रचलित बोरे-बासी को लेकर उन्होंने ट्वीट किया है। साथ ही सीएम भूपेश ने मजदूर दिवस पर बोरे-बासी खाने का आह्वान किया है। जारी वीडियो में बासी की खासियत बताते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि ‘गजब के विटामिन भरे हे छत्तीसगढ़ के बासी मा’।


उन्होंने कहा कि ‘लहलहाते खेतों की बात करें या अंधेरी खदानों से खनिज ढूंढ लाने की बात करें। कारखानों में धधकते लोहे से मजबूत स्टील बनाते हाथ हों या वनांचल में महुआ ,तेंदू पत्ता जैसे वनोपज इक्कठा करने वाले हाथ हों। देश को प्रदेश को हमारे किसान भाइयों और श्रमिक भाईयों ने ही अपने मजबूत कंधों में संभाल रखा है। 1 मई को हर साल हम इन्हीं मेहनतकश लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त करने के लिए मजदूर दिवस मनाते हैं। हम सभी को मालूम है कि हर छत्तीसगढ़िया के आहार में बोरे- बासी का कितना अधिक महत्व है। हमारे श्रमिक भाईयों, किसान भाइयों और हर काम में कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली हमारी बहनों के पसीने की हर बूंद में बासी की महक है।’
उन्होंने बासी की खासियत के बारे में बताते हुए कहा कि ‘जब हम कहते हैं बटकी मा बासी अऊ चुटकी मा नून ,तो यह श्रृंगार हमें हमारी संस्कृति से जोड़ता है। गर्मी के दिनों में बोरे बासी शरीर को ठंडा रखता है, पाचन शक्ति बढ़ाता है त्वचा की कोमलता और वजन संतुलित करने में भी यह राम बाण है। बोरे बासी में सारे पोषक तत्व मौजूद होते हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि ‘हमें हमारी युवा पीढ़ी को अपने आहार और संस्कृति के प्रति गौरव का अहसास कराना बहुत जरूरी है। इसलिए मैं आप सभी से अपील करता हूं कि 1 मई को हम सब छत्तीसगढ़िया एक मई को बोरे बासी के साथ आमा के अथान, अऊ गोंदली के साथ हर घर में बोरे बासी खाएं और अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व महसूस करें।
‘गजब विटामिन भरे हुए हे छत्तीसगढ़ के बासी मा’
पहली मई यानी श्रमिक दिवस के दिन हम सब बोरे बासी खाकर श्रम का सम्मान करेंगे और अपनी संस्कृति पर गर्व भी करेंगे। pic.twitter.com/1XrbGPdhwW
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) April 28, 2022

