April 29, 2026

हसदेव अरण्य को लेकर सीएम भूपेश बघेल का बड़ा बयान, बोले– बाबा नहीं चाहते तो पेड़ क्या एक डंगाल भी नहीं कटेगी

BHUPESH TS

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हसदेव अरण्य में पेड़ों की कटाई मामले पर बड़ा बयान दिया है। कहा कि बाबा साहब (टीएस सिंहदेव) उस क्षेत्र के विधायक हैं। अगर वे नहीं चाहते तो वहां पेड़ क्या एक डंगाल भी नहीं कटेगा। मुख्यमंत्री का यह बयान टीएस सिंहदेव (TS Singhdev) के हसदेव अरण्य दौरे के बाद आया है। CM ने मंगलवार को नवा रायपुर में पत्रकारों के सवालों पर कहा कि इस मामले में हमारे बाबा साहब (टीएस सिंहदेव) का भी बयान आया है।


इससे पहले सिंहदेव ने सोमवार को सरगुजा के हरिहरपुर गांव जाकर हसदेव अरण्य में खनन परियोजनाओं का विरोध कर रहे ग्रामीणों से मुलाकात की थी। ग्रामीणों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था, व्यक्तिगत रूप से मेरा मानना है कि घने जंगलों का विनाश करके कोयला खनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, अगर ग्रामीण एक राय रहे तो उनकी जमीन कोई नहीं ले सकता।

भाजपा पर CM का हमला, केंद्र से रद्द कराएं आवंटन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा, अगर उनको लगता है कि स्थानीय लोग खनन का विरोध कर रहे हैं। वहां खदान नहीं खुलनी चाहिए तो केंद्र सरकार से मिलें। वहां बात कर कोल ब्लॉक का आवंटन ही रद्द करा दें। न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी। भाजपा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जबरन खनन का आरोप लगाया है।


You may have missed