October 11, 2026

जेल में नवजोत सिद्धू की इस हरकत से कैदी हुए हलाकान, जेल प्रशासन को की गई शिकायत

siddu

रोड रेज केस में पटियाला जेल में एक साल कैद की सजा काट रहे पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू अपने बर्ताव से फिर सुर्खियों में आ गए है। उनके साथ बैरक में बंद कैदियों ने कहा कि सिद्धू तू-तड़ाक कर रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने जेल प्रशासन को कर दी। इस पर सिद्धू का कहना है कि, इन कैदियों ने उनके कार्ड से बिना बताए खरीदारी की है। हालांकि हालात को देखते हुए जेल प्रशासन ने सिद्धू के साथ बंद कैदियों की बैरक बदल दी है। वहीं सिद्धू के करीबियों का कहना है कि बर्ताव को लेकर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।


सिद्धू के साथ 5 कैदी बंद
सिद्धू के साथ 5 और कैदी बंद किए गए हैं। सिद्धू बैरक से ही जेल ऑफिस का काम करते हैं। सिद्धू की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। सिद्धू को अगर कोई सामान मंगवाना होता है तो वह साथ बंद दूसरे कैदियों से मंगवा लेते हैं।

ऐसे भड़का विवाद
जेल सूत्रों के मुताबिक सिद्धू का कहना है कि इन कैदियों ने उनके कार्ड से बिना बताए सामान खरीदा। उनकी कार्ड की लिमिट कम है, इसलिए उन्होंने इस पर एतराज जताया था। वहीं कैदियों का कहना है कि सिद्धू ने उनके साथ तू-तड़ाक से बात की। जिसकी उन्होंने जेल अफसरों को शिकायत भी कर दी।

जेल प्रशासन ने 3 कैदियों की बैरक बदली
इस विवाद के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत सिद्धू के साथ बंद 3 कैदियों की बैरक बदल दी। अब उनके साथ 2 ही कैदी रह गए हैं। पटियाला जेल सुपरिटेंडेंट मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ कैदियों की बैरक बदली गई है। हालांकि इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कह सकते। जेल नियमों के अनुसार सिद्धू के साथ कुछ कैदियों को रखा गया है।


You may have missed