खौफनाक हादसा: एक्सप्रेस-वे में भिड़ीं दो बस, हादसे में 8 की मौत; बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त
बाराबंकीः उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के खौफनाक बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही दर्जनभर लोग घायल हो गए हैं। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदराहा गांव में पॉइंट 25 के पास बिहार से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस ढाबे पर रुकी हुई थी। नाश्ता करने के बाद जैसे ही यात्री बस में चढ़े, बिहार से दिल्ली जा रही एक दूसरी डबल डेकर बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर में दूसरी बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस के अनुसार दूसरी बस के ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों और मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि “पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
बता दें कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को गाजीपुर जिले से जोड़ता है। 341 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के जरिए राज्य के आठ जिलों, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर, को जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 नवंबर 2021 को इसका उद्घाटन किया था। करीब 22,496 करोड़ रुपये की लागत से बने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपातकालीन स्थिति में लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकते हैं।

