April 30, 2026

स्वच्छ अमृत महोत्सव में छत्तीसगढ़ ने लहराया अपना परचम: बेस्ट परफॉर्मिंग श्रेणी में दूसरा स्थान

chhatisgarh__01

रायपुर: स्वच्छ अमृत महोत्सव में छत्तीसगढ़ ने अपना परचम लहरा दिया. छत्तीसगढ़ को स्वच्छ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में बेस्ट परफार्मिंग स्टेट की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार दिया गया है. छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन व श्रम मंत्री शिवकुमार डहरिया ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु के हाथों अवार्ड लिया.


भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा हर साल देश के सारे शहरों और राज्यों के मध्य स्वच्छ सर्वेक्षण का आयोजन किया जाता है. इसमें विभिन्न मापदंडों के अंतर्गत शहरी स्वच्छता का आंकलन किया जाता है. स्वच्छ अमृत महोत्सव में छत्तीसगढ़ के 11 नगरीय निकायों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिये गए हैं. कार्यक्रम में आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्य मंत्री कौशल किशोर भी शामिल रहे.

कचरा प्रबंधन का खड़ा किया मॉडल
छत्तीसगढ़ में नरवा, गरूवा, घुरवा एवं बाड़ी के सिद्धांतों के अनुरूप 9000 से अधिक स्वच्छता दीदियों द्वारा घर-घर से 1600 टन गीला एवं सूखा कचरा एकत्रीकरण करते हुए वैज्ञानिक रीति से कचरे का निपटान किया जा रहा है. यही वजह है कि छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपने काम से पुरे देश में स्वच्छता का डंका बजाया है.

राज्य से शहरों तक को अवार्ड
छत्तीसगढ़ राज्य सहित विभिन्न नगरीय निकायों को विभिन्न श्रेणियों को 12 पुरस्कार मिले हैं. वहीं दुर्ग जिले का पाटन एक लाख से कम आबादी वाले साफ शहरों में देश मे दूसरे स्थान पर रहा. ईस्ट जोन में क्लीन सिटी का खिताब चिरमिरी, जशपुरनगर,खोंगापानी, विश्रामपुर को विभिन्न आबादी श्रेणियों में मिला है. वहीं ईस्ट जोन में 25- 50 हजार आबादी की श्रेणी में बलौदाबाजार को सिटीजन फीडबैक अवॉर्ड दिया गया.


You may have missed