April 29, 2026

पुलिस विभाग में 6 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती: 5वीं पास भी कर सकेंगे आवेदन

police bha

रायपुर: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पुलिस विभाग में सिपाही, ड्राइवर और ट्रेडमैन के तकरीबन 6 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करते हुए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इन पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों से 20 अक्टूबर से आवेदन ऑनलाइन मंगवाए गए हैं। यह सिलसिला 30 नवंबर तक चलेगा।


अनारक्षित वर्ग के आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 साल निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को 5 साल की छूट मिलेगी। खास बात ये है कि छत्तीसगढ़ की मूल निवासी महिलाओं को उम्र में 10 साल तक छूट दी जा रही है, यानी 38 साल की उम्र वाली महिलाएं भी आवेदन कर पाएंगी।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया राज्य के सभी 6 पुलिस रेंज के 33 जिलों के अलावा रेलवे पुलिस, पुलिस प्रशिक्षण अकादमी चंदखुरी, पीटीएस माना, राजनांदगांव, मैनपाट और एमटी पूल (पुलिस मुख्यालय) में की जाएगी।

नक्सल पीड़ित परिवार के उम्मीदवारों के लिए शैक्षणिक योग्यता में छूट दी गई है। ऐसे परिवारों के 5वीं पास युवा भी इन पदों के लिए आवेदन कर पाएंगे। अनुसूचित जनजाति के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास तथा बाकी के लिए 10वीं व 12वीं पास होना अनिवार्य किया गया है।

एसआई के रिजल्ट का इंतजार

राज्य में सब इंस्पेक्टर के 975 पदों पर भर्ती चल रही है। इसमें एसआई, पीसी, सूबेदार, साइबर, कंप्यूटर कैडर तथा अन्य समकक्ष पद है। इसकी प्री-परीक्षा, मेंस और फिजिकल टेस्ट के बाद इंटरव्यू भी हो चुका है, सिर्फ रिजल्ट जारी करना बाकी हैं।

कुछ उम्मीदवार इस मामले को लेकर हाईकोर्ट चले गए हैं, इसलिए रिजल्ट रुका है। चर्चा है कि पुलिस मुख्यालय से नतीजे जल्दी जारी होंगे। यह भर्ती प्रक्रिया पिछली सरकार ने शुरू की थी, मौजूदा सरकार ने पद बढ़वाकर इसे फिर शुरू किया।

ऑनलाइन आवेदन 20 अक्टूबर से 30 नवंबर, फीस 200 रुपए

पुलिस भर्ती के लिए cgpolice.gov.in की वेबसाइट में जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसमें सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 200 रुपए फीस देनी होगी। एसटी, एससी के लिए 125 रुपए फीस रखी गई हैं। 20 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। लाइनें 30 नवंबर की रात 11 बजे तक खुली रहेंगी।

अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवार की आयु जनवरी 2023 की स्थिति में 18 साल से कम और 28 साल से ज्यादा नहीं होना चाहिए। पूर्व सैनिक, राज्य सरकार से खेल पुरस्कार प्राप्त युवाओं को भी भर्ती में अलग-अलग तरह की छूट दी जाएगी। इसके लिए दस्तावेज पेश करने होंगे।

200 नंबर की भर्ती परीक्षा

सिपाही भर्ती के लिए उम्मीदवारों को 200 अंकों की भर्ती परीक्षा देनी होगी। इसे सौ-सौ नंबर के दो चरणों में बांटा गया है। 100 नंबर का पहला चरण फिजिकल टेस्ट रहेगा, जिसमें लंबी कूद, गोला फेंक तथा 100 व 800 मीटर की दौड़ की जाएगी।

शेष 100 नंबर की लिखित परीक्षा होगी, जो सामान्य ज्ञान पर आधारित रहेगी। ट्रेडमैन और चालक के लिए फिजिकल टेस्ट और लिखित परीक्षा के साथ ट्रेड टेस्ट भी होगा। जैसे, ड्राइवर को गाड़ी चलाकर और कुक को भोजन बनाकर दिखाना होगा।

सर्वाधिक 559 पद रायपुर में, बस्तर के जिलों में भी ज्यादा

मिली जानकारी के अनुसार जिलों में सबसे ज्यादा 559 पद रायपुर के लिए निकाले गए हैं। इनमें 554 सिपाही, 4 चालक और एक ट्रेडमैन (टेलर) हैं। नारायणपुर में 477, बीजापुर में 390, बस्तर में 366, कांकेर में 130, सुकमा में 123, कोंडागांव में 104 और दंतेवाड़ा में 73 पदों पर भर्ती होगी।

नए जिलों सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 316, मोहला-मानपुर में 226, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में 106, सक्ती 101 और खैरागढ़ में 82 की भर्ती होगी। इनमें ट्रेडमैन टेलर, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, बढ़ई, मोची, धोबी, कुक, नाई, स्वीपर, टेंट खलासी, वाटर कैरियर और डीआर शामिल हैं। पद पुरुषों और महिलाओं के अलावा ट्रांसजेंडर के लिए भी आरक्षित हैं।


You may have missed