May 1, 2026

MP–CG समेत 6 राज्यों में मानसून की एंट्री: बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूर्वी यूपी में 3-4 दिन में पहुंच सकता है

barishh

मानसून ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार 21 जून को दस्तक दी है।


भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्से और ईस्ट UP में अगले 3-4 दिन में मानसून पहुंच सकता है। वहीं, वेस्टर्न UP के जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, बीते कुछ दिन से 43°-45° टेम्परेचर झेल रही दिल्ली में भी शुक्रवार बारिश हुई और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

IMD ने बताया कि देश में अब तक (1 से 20 जून तक) 77 मिमी बारिश हुई। यह इस दौरान होने वाली बारिश से 17% कम है। 1 से 20 जून तक देश में 92.8 मिमी बारिश हो जाती है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। इसके चलते उत्तर भारत में हीटवेव चल रही है।

मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था।

18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा।


You may have missed