संभलकर रहें!… आज से शुरू हुआ नौतपा, रायपुर-दुर्ग समेत पूरा प्रदेश लू की चपेट में, जानें बचाव के उपाय
रायपुर: छत्तीसगढ़ के कई हिस्से इस समय भीषण लू (Heat Wave) की चपेट में हैं और गर्मी का दौर लगातार जारी है. इसी बीच आज से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जिससे अगले 9 दिनों तक प्रदेश में और अधिक झुलसाने वाली गर्मी पड़ने की आशंका है.


मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में भारी बढ़ोतरी हुई है और फिलहाल इससे राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. रविवार को भी राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में भीषण ग्रीष्म लहर ने लोगों को बेहाल कर दिया.
प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत करीब 12 प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है.
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
राजनांदगांव: 45.5°C
माना (रायपुर): 45°C
दुर्ग: 44.5°C
बेमेतरा: 44.3°C
बिलासपुर: 44.2°C
रायपुर शहर: 44.1°C
मौसम विभाग का पूर्वानुमान: सोमवार को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 45°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रहने की संभावना है.
नौतपा और भीषण लू से बचने के उपाय (Precautions)
नौतपा के दौरान सूर्य की सीधी किरणें पड़ती हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. इससे बचने के लिए निम्नलिखित उपाय अपनाएं:
भरपूर पानी पीएं: प्यास न लगी हो तब भी थोड़ी-थोड़ी देर में पानी, ओआरएस (ORS) घोल, नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी पीते रहें.
दोपहर में बाहर निकलने से बचें: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें.
सही कपड़ों का चुनाव: बाहर निकलते समय ढीले, हल्के रंग के सूती (cotton) कपड़े पहनें. अपने सिर को टोपी, अंगोछे या छतरी से ढककर रखें.
खाली पेट बाहर न जाएं: घर से बाहर निकलने से पहले कुछ खाकर और पानी पीकर ही निकलें. खाली पेट धूप में जाने से चक्कर आने का खतरा रहता है.
खान-पान का ध्यान रखें: तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करें. ज्यादा तेल-मसालेदार और बासी भोजन से परहेज करें.
आंखों और त्वचा का बचाव: धूप में निकलते समय सनग्लासेस (चश्मा) पहनें और चेहरे को सूती कपड़े से ढकें.

